फोटो - नई अनाज मंडी में लकड़ियों में लगी हुई आग। स्रोत -अग्निशमन विभाग
गोहाना। दिवाली के दिन उपमंडल में पटाखे जलाने और अन्य कारणों से तीन स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुई। इसके अतिरिक्त पटाखे जलाते समय दो महिलाओं सहित 6 लोग झुलस गए। सूचना मिलने पर दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
दिवाली के दिन समता चौक पर देर रात करीब एक बजे पटाखा एक दुकान की छत पर पड़े कबाड़ में गिर गया। पटाखे से लगी आग में दुकान की छत पर रखा कबाड़ जल गया। छत पर आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों ने आग पर पानी डालकर उसे नियंत्रित किया। आग लगने की दूसरी घटना नई अनाज मंडी में हुई। यहां दुकान नंबर चार के पीछे रखी लकड़ियों में आग लग गई। यहां पर बिजली का तार टूट कर शार्ट सर्किट हुआ। आग से करीब दस क्विंटल लकड़ियां जल गईं।
गंगेसर में पेट्रोल छिड़ककर कार में लगाई आग
तीसरी घटना गांव गंगेसर में हुई, जहां आग लगने से गांव के ही हार्दिक की कार जल गई। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दमकल अधिकारी रमेश कुमार के अनुसार, किसी ने कार पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाई थी। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है। दमकल अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि तीनों ही स्थानों पर दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
वहीं पटाखा जलाते समय विष्णु नगर निवासी निधि, वार्ड नंबर 15 निवासी संदीप, देवीपुरा निवासी जयवीर, गढ़ी उजाले खा गांव निवासी टिंकू, महमूदपुर निवासी मोहित और चोपड़ा कॉलोनी निवासी मंजू झुलस गई।