सोनीपत। नेशनल हाईवे-44 पर बीसवां मील चौक के पास एक सड़क हादसे में कैंटर चालक की मौत हो गई। इस टक्कर में पिकअप चालक भी घायल हुआ है। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
नई दिल्ली के आरके पुरम स्थित सेक्टर-6 निवासी कुणाल ने राई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पिता ओम प्रकाश कैंटर चालक थे। मंगलवार को ओम प्रकाश पानीपत से दरी और कंबल लेने गए थे। वहां से वापस दिल्ली लौटते समय बीसवां मील फ्लाईओवर के पास हादसा हुआ। एक राहगीर ने कुणाल को पिता के घायल होने की सूचना दी थी। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि पिकअप चालक कैंटर के आगे लापरवाही से वाहन चला रहा था। उसने बिना किसी संकेत के अचानक ब्रेक लगा दिए थे।
पिकअप चालक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रहा कैंटर उससे टकरा गया। इस टक्कर में ओम प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि पिकअप चालक रामलोचन यादव भी इस हादसे में घायल हुआ है।