गोहाना। बस स्टैंड के पास टीवी केबल लाइन में आए फाल्ट को ठीक करते समय करंट लगने से केबल कर्मी की मौत हो गई। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानों पर पहुंचे तो केबल कर्मी का शव पड़ा मिला। जिसकी सूचना शहर थाना पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
गांव बजाना कलां निवासी धनराज उर्फ सोनू (40) कई साल से आर्य नगर में टीवी केबल का काम करते थे। शनिवार सुबह वह बस स्टैंड के पास केबल लाइन में आए फाल्ट की जांच करने गए थे। यहां पर बिजली की हाईटेंशन लाइन है, जिसके नीचे से टीवी केबल की लाइन खींची गई थी। धनराज लाइन के फाल्ट को ठीक करने लगे तो उन्हें करंट लग गया और जमीन पर आकर गिर गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानों पर पहुंचे तो युवक को मृत पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव के पास पड़े बैग की जांच करने पर उसमें आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड से ही धनराज की पहचान हुई और उनके परिजनों को सूचना दी गई। धनराज अपने पीछे पत्नी और बेटा-बेटी को छोड़ गए। धनराज ही परिवार में कमाने वाला था और उनकी मौत के बाद परिजन का रोकर बुरा हाल है।