सोनीपत। प्रदेश की टीम ने राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की है। यह प्रतियोगिता महाराष्ट्र के पुणे में हुई थी। इसमें खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण सहित नौ पदक जीते हैं। इसमें जिले के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण सहित चार पदक अपने नाम किए हैं। प्रदेश की टीम प्रशिक्षक रेखा मान ने बताया कि राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता 22 से 25 जनवरी तक आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के खिलाड़ियों ने बेहतर खेल प्रदर्शन किया है। सोनीपत के गांव पुरखास निवासी भव्य गुलिया ने 81 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। भव्य डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल स्थित जूडो अकादमी में अभ्यास करते हैं। भव्य के चाचा जसमेर गुलिया ने बताया कि भव्य ने प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत की थी।