सोनीपत। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की तरफ से आयोजित सीए की फाइनल परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। यह परीक्षा नवंबर में आयोजित की गई थी। इसमें 32 होनहारों ने सफलता हासिल कर अपने परिवार का नाम रोशन किया है।
आईसीएआई के जिला इकाई के अध्यक्ष सीए हितेश ढुल ने सभी नए सीए को अपनी एवं समिति सदस्यों की तरफ से बधाई दी। उन्होंने कहा कि सोनीपत के शिक्षा जगत में एक नए युग की शुरुआत हुई है, जहां 32 मेधावियों ने सीए की मुश्किल परीक्षा को उत्तीर्ण किया है। सीए निकिता चौहान और सीए अजय गिल ने भी नए सीए बने विद्यार्थियों काे मिठाई खिलाई और आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन किया।
यह होनहार बने नए सीए
सीए की फाइनल परीक्षा में कुनाल जावा, ऋषभ, शिवम मित्तल, भावना अरोड़ा, सागर उपाध्याय, अदिति, भावना अत्री, आर्ची जैन, शुभार्थी बर्धन, मुकुल टुटेजा, राहुल गोयल, शुभम वत्स, विशाल भारद्वाज, प्रशांत सिंह, तरुण मित्तल, आयुषी मित्तल, नेहा अग्रवाल, अक्षय गुप्ता, मानसी नासा, विवेक, परवीन शर्मा, नीतिका गोयल, अनुज गहलावत, परी गुप्ता, भव्या मनचंदा, विकास कोहली, सुनील राहेजा, राहुल भाटिया, गौरव गर्ग, जतिन गुप्ता, प्राची शर्मा व यथार्थ मल्होत्रा ने सफलता प्राप्त की।
बोले होनहार
-
मैं शुरू से ही सीए बनना चाहता था, इसके लिए कड़ी मेहनत की। 12वीं करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्यामलाल कॉलेज से नियमित स्नातक की। सीए बनने के लिए रोजाना 12 से 16 घंटे तक प़ढ़ाई की। इसके लिए कारोबारी पिता तुलसीदास (भालूजी) व गृहिणी मां राखी ने हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
- कुनाल जावा, फैज बाजार, जमालपुरा
मैंने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्यामलाल कॉलेज से स्नातक की। इस दौरान सीए बनने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। परिवार ने हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सीए बनने के लिए कड़ी मेहनत की। सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी। आज सीए बनकर बेहद खुशी हो रही है।
- मुकुल, हेम नगर, गांधी चौक
मैंने 12वीं तक की पढ़ाई हिंदू विद्यापीठ से की, उसके बाद स्नातक की पढ़ाई करने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के श्यामलाल कॉलेज में दाखिला लिया। हिंदू कन्या स्कूल में अकाउंंटेंट के पद पर कार्यरत पिता राजेश व एसएम हिंदू स्कूल में शिक्षिका मां संगीता ने हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
- शिवम, शिवाजी कॉलोनी, मामा भांजा चौक