बिजली निगम कार्यालय में जेई को डंडा दिखाती महिलाएं।
- फोटो : amarujala beuro
थाना कलां गांव में पिछले एक सप्ताह से जल घर का ट्रांसफार्मर खराब होने से पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। गांव में पेयजल संकट होने पर लोग कई बार बिजली निगम कार्यालय में ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग लेकर पहुंचे, लेकिन बिजली कर्मियों ने उनकी बात नहीं सुनी, जिससे गांव में पानी के बिना हालात खराब हो गए। इस तरह स्थिति बिगड़ती देखकर महिलाएं डंडे लेकर बुधवार को निगम कार्यालय में पहुंच गईं। वहां से जेई को महिलाएं अपने साथ लेकर गांव में पहुंचीं और ट्रांसफार्मर को बदलवाने के लिए बाद छोड़ा।
पूर्व सरपंच के नेतृत्व में थाना कलां की महिलाएं व पुरुष बुधवार को सबसे पहले एसडीएम कार्यालय पहुंचे। वहां कहा कि पिछले एक सप्ताह से गांव के जल घर का ट्रांसफार्मर फुंका हुआ है। वहां पर संतोषजनक जवाब न मिलने के बाद ग्रामीण खरखौदा स्थित जल घर में पहुंचे और वहां से पब्लिक हेल्थ के जेई को लेकर बिजली घर पहुंचे। जनस्वास्य विभाग के जेई ने बताया कि वह पहले ही लिखित में शिकायत दे चुके हैं, लेकिन ट्रांसफार्मर न बदले जाने के कारण पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इससे महिलाएं इकट्ठा होकर बिजली निगम कार्यालय पहुंच गईं और उनको देखते ही निगम कर्मियों ने गांव के लिए ट्रांसफार्मर को रवाना करा दिया, जबकि बिजली निगम के जेई ने बाद में आकर ट्रांसफार्मर लगाने की बात कही, लेकिन महिलाएं इस बात पर अड़ गई कि वह अपने साथ ही जेई को लेकर जाएंगी। जिसके बाद जेई उनके साथ ही गांव में पहुंचे और अन्य कर्मियों से ट्रांसफार्मर को लगवाने के बाद वहां से लौटे।