वकील के साथ हुई मारपीट के मामले में शनिवार को बार एसोसिएशन ने वर्क सस्पेंड की घोषणा कर दी। वकीलों ने बैठक कर पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाया।
वकीलों का आरोप था कि पीड़ित होने के बावजूद पुलिस ने उन्हीं के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। उन्होंने मांग उठाई कि वकील के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर को तुरंत रद्द किया जाए और पुलिस कर्मियों के खिलाफ जांच की जाए।
मंगलवार को बार एसोसिएशन में दोबार बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। दूसरी ओर वकीलों के वर्क सस्पेंड के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
वकील कुलदीप सैनी ने बताया था कि गुरुवार रात को वह अपने चैंबर नंबर-26 बी में अपने साथियों के साथ था।
इसी दौरान उसने कुछ बाहरी लोगों को चैम्बरों के पास देखा था। उनसे बातचीत करनी चाही तो उन्होंने हमला कर दिया। इसी दौरान पहुंचे पुलिस कर्मी उन्हें चौकी ले गये और तीन बजे तक चौकी में रखा।
वकील का आरोप है कि चौकी में पुलिस कर्मियों ने उसके साथ मारपीट भी की। वहीं मूलरूप से वेस्ट बंगाल फिलहाल गढ़ी ब्राह्म्णान स्थित महादेव ढाबे पर कार्यरत सितेंद्र ने पुलिस को शिकायत दी थी।
शिकायत में उसने वकील व उसके साथियों पर मारपीट का मामला दर्ज कर रखा है। पुलिस को सितेंद्र ने बताया था वह रात को कोर्ट परिसर में गया था। वहां पर वकील कुलदीप, उसके साथी रिंकू, सोमबीर, संदीप, सचिन, बालिष्टर व कमल ने मारपीट की थी। इस शिकायत के आधार पर ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था।
वकील के साथ मारपीट के मामले में शुक्रवार को भी बार एसोसिएशन की बैठक का आयोजन किया गया था। इस बैठक में वकीलों की सहमति पुलिस को 24 घंटे का समय देने पर बनी थी।
शनिवार सुबह जिला बार एसोसिएशन के सदस्य एक बार फिर से न्यायालय परिसर में एकत्रित हुए। प्रधान भगत सिंह के नेतृत्व में हुई बैठक में अधिवक्ताओं ने सोमवार तक वर्क सस्पेंड रखने की घोषणा कर दी।
इस दौरान कुलदीप व साथियों के खिलाफ दर्ज मामले को निरस्त करने, कोर्ट परिसर की चौकी में एएसआइ कृष्ण, सिपाही संतलाल, दो अन्य पुलिस कर्मियों तथा सितेंद्र नामक युवक पर मामला दर्ज किया जाने की मांग उठाई गई। बार एसोसिएशन ने बैठक में कोर्ट परिसर की चौकी को स्थानांतरित करने की भी बात कही।
वकीलों ने मंगलवार सुबह तक उनकी मांगों को पूरा करने का अल्टीमेटम दिया है। अगर उनकी मांगें पूरी नहीं होती तो वे मंगलवार को बैठक कर आगे की रणनीति पर काम करेंगे।
पुलिस को दी शिकायत
वकीलों ने कार्रवाई के लिए पुलिस को शिकायत दी है। जिसमें पुलिस कर्मियों और ढाबा संचालक पर मारपीट और अन्य आरोप लगाए हैं। वकीलों ने अपनी शिकायत कोर्ट चौकी पुलिस में दी है। शिकायत कर्ता कुलदीप सैनी की तरफ से दी गई शिकायत के साथ एमएलआर रिपोर्ट भी लगाई गई है। इस मामले में डीएसपी अजीत सिंह ने भी बताया कि वकीलों की शिकायत मिली है, उस पर जांच की जा रही है।