धतूरी रोड पर कंपनी से बरामद किया गया काला तेल।
- फोटो : Sonipat
गांव धतूरी रोड पर अवैध रूप काले तेल का कारोबार करने वाली एक कंपनी के गोदाम पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने छापा मारकर भारी मात्रा में काला तेल बरामद किया है। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के डीएसपी अजीत कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के बाद मुरथल थाना पुलिस जांच कर रही है। छापा मारने की सूचना मिलते ही कंपनी के कारिंदे मौके से फरार हो गए।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को सूचना मिली थी कि धतूरी रोड स्थित गोदाम में भारी मात्रा में ज्वलनशील काले तेल की कालाबाजारी की जा रही है। तेल को अवैध रूप से खरीदा और बेचा जा रहा था। जिस पर डीएसपी अजीत के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान टीम को गोदाम से 60 से 70 हजार लीटर काला तेल मिला है। गोदाम में काला तेल स्टॉक करने के लिए दो हौद बना रखे थे, जिनमें काला तेल भरा हुआ था। इसके अलावा 20 हजार लीटर का बड़ा टैंक, 12 हजार व सात हजार लीटर के दो अन्य टैंक में भी तेल भरा हुआ मिला।
जांच में सामने आया है कि धतूरी रोड स्थित एक कंपनी दिल्ली निवासी मूलचंद के नाम से रजिस्टर्ड है। पुलिस देर रात तक गोदाम में डटी रही। फिलहाल पुलिस ने गोदाम पर पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया है। गोदाम के संचालक की तलाश की जा रही है। गोदाम संचालक का पता लगाने के बाद उसके खिलाफ थाना मुरथल में मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा।
सुनसान रोड पर था गोदाम
धतूरी रोड पर काफी फैक्टरियां हैं, लेकिन एक कंपनी के गोदाम को फैक्टरियों से काफी दूर सुनसान रोड पर बनाया गया है। जहां से काले तेल की कालाबाजारी की जा रही थी। गोदाम के लिए किसी तरह की अनुमति लिए जाने के कागजात नहीं मिले हैं।
धतूरी रोड पर काले तेल की कालाबाजारी की सूचना मिली थी। जिस पर गोदाम पर छापा मारा गया। गोदाम से कर्मी भाग गए, लेकिन मौके से भारी मात्रा में काला तेल बरामद हुआ है। पुलिस द्वारा गोदाम के मालिक का पता लगाया जा रहा है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। यहां गोदाम चलाने के लिए प्रदूषण नियंत्रण विभाग व अन्य विभागों से अनुमति नहीं ली गई थी।
अजीत कुमार, डीएसपी, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता