सोनीपत। दिल्ली में हुई ट्रैक्टर परेड के चलते एक सप्ताह से बंद दिल्ली और गुरुग्राम रूट पर सोनीपत से तीन-तीन रोडवेज बसों का संचालन शुक्रवार को दोबारा शुरू कर दिया गया है। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि धीरे-धीरे मार्ग से जाम खुलने पर इन रूटों पर बसों को बढ़ाया जाएगा। साथ ही जयपुर, आगरा, शिमला व सुजानपुर रूट पर बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। दिल्ली व गुरुग्राम रूट पर बसों का संचालन शुरू होने से दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी।
पुलिस की ओर से किसान संगठनों को गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में ट्रैक्टर परेड को लेकर मंजूरी मिलने के बाद दिल्ली के बॉर्डरों पर जाम लगना शुरू हो गया था। पहले दिल्ली व वहां से होकर अन्य रूटों पर जाने वाली रोडवेज बसों को बंद कर दिया गया। अब दिल्ली के रास्तों से जाम खुलने से शुक्रवार को सोनीपत से दिल्ली व गुरुग्राम रूट पर तीन-तीन रोडवेज बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। इन रूटों पर चलने वाले दैनिक यात्रियों को भी काफी राहत मिलेगी। इसके अलावा जयपुर, आगरा, शिमला व सुजानपुर रूट पर बसों का संचालन अभी बंद रहेगा। डीआई कर्मबीर गहलावत का कहना है कि शुक्रवार से सोनीपत बस अड्डे से दिल्ली व गुरुग्राम रूट पर सोनीपत से तीन-तीन रोडवेज बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। अब दिल्ली व गुुरुग्राम की ओर आने जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।