फोटो 32: साेनीपत के गांव मदीना में अवैध कब्जा हटाता बुलडोजर। स्रोत: सूचना विभाग
सोनीपत। उच्च न्यायालय के आदेश पर प्रशासन ने गोहाना, गन्नौर और खरखौदा में अवैध कब्जे हटवाए। तीनों जगह दिनभर अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई की। खरखौदा में प्रशासन ने सरकारी जमीन से कब्जा हटवाकर कब्जा लिया। गन्नौर में कुछ गांवों में ग्रामीणों ने अधिकारियों को लिखित आश्वासन दिया कि वह पांच के भीतर स्वयं कब्जा हटवा देंगे। वहीं, गांव नांगल कलां में पुलिस बल न मिलने के कारण टीम बिना कार्रवाई के वापस लौट आई।
जिले में विभिन्न गांवों में ग्रामीणों ने अवैध कब्जे कर रखे हैं। कुछ जगह अवैध कब्जे पंचायती भूमि और कुछ जगह निजी भूमि पर हैं। न्यायालय के फैसले के बावजूद लोगों ने अवैध कब्जे नहीं हटाए थे। उच्च न्यायालय के आदेश पर गोहाना खंड के मदीना समेत विभिन्न गांवों में 36 जगह अवैध कब्जे हटवाए। कब्जे हटवाने की कार्रवाई के लिए पांच ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। एसडीएम अंजलि श्रोत्रिय ने बताया कि अधिकारियों को आठ मार्च तक सभी अवैध कब्जे हटवाकर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
गन्नौर के गांव दातौली में ढहाए अवैध निर्माण
विकास एवं पंचायत विभाग ने दातौली गांव में अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलवाया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट पंचायती राज के एसडीओ विपुल छौक्कर के नेतृत्व में टीम गांव में पहुंची। अवैध मकानों व चहारदीवारी को ध्वस्त कर दिया। गांव शाहपुर तगा, खेड़ी तगा, पुगथला में ग्रामीणों ने अधिकारियों को लिखित आश्वासन दिया कि वह खुद पांच दिन के भीतर अवैध कब्जे हटा देंगे। बीडीपीओ पूनम चंदा ने कहा कि जिस भी गांव में अवैध कब्जे कर रखे हैं, ग्रामीण उन्हें खुद खाली कर दें अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी भूमि से हटाए कब्जे
खरखौदा। प्रशासन ने तहसीलदार मनोज कुमार के नेतृत्व में खांडा व सेहरी गांव में कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर कब्जा लिया। खांडा गांव में एक मकान के हिस्से को हटवाया गया। साथ ही कृषि भूमि पर कब्जा लिया गया। सेहरी गांव में भी प्रशासन ने सरकारी भूमि पर कब्जा लिया। प्रशासन की तरफ से शनिवार को भी कार्रवाई जारी रहेगी। नायब तहसीलदार अशोक कुमार व बीडीपीओ आस्था गर्ग को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।