जीटी रोड पर गांव नांगल खुर्द के पास मामूली कहासुनी के बाद कार सवार दो
युवकों ने एक बिल्डर की गोली मारकर हत्या कर दी। घायल बिल्डर को उसका पिता
दिल्ली के निजी अस्पताल में ले गया। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस
ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर
दी है।
शनिवार रात को मकान नं. 15 शिवा एनक्लेव, प्रीतमपुरा, दिल्ली
निवासी सन्नी बख्शी (29) पिता प्रवेश बख्शी के साथ कार द्वारा यमुनानगर से
दिल्ली लौट रहा था। जब वह गांव नांगल खुर्द स्थित जुरासिक पार्क के पास
पहुंचे तो इसी दौरान सन्नी ने लघुशंका के लिए कार रोक दी।
जहां सन्नी ने
कार रोकी वहां पर पहले से ही एक कार खड़ी थी। जिसमें दो युवक थे। सन्नी की
कार युवकों की कार के पास आकर रुकी ही थी कि अन्य कार युवकों ने सन्नी से
यह कहते हुए उससे कहासुनी शुरू कर दी कि वह उन्हें टक्कर मारना चाहता है।
तू-त्रू, मैं-मैं बढ़ने पर सन्नी ने कहा कि वह तो मात्र सड़क किनारे अपनी
कार रोकना चाहता था। इसके बाद युवकों ने सन्नी से झगड़ा करते हुए गोली मार
दी।
जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देकर कार सवार
युवक फरार हो गए। मात्र कुछ मिनट में घटे घटनाक्रम के बाद प्रवेश ने सन्नी
को कार में डाला और तुरंत दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में उपचार के लिए
दाखिल कराया। जहां उपचार के बाद रविवार देर शाम उसकी मौत हो गई। मामले की
सूचना मुरथल थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार
तीसरे पहर दिल्ली के जहांगीरपुरी स्थित बाबू जगजीवन राम अस्पताल में
पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मृतक के पिता प्रवेश की शिकायत पर हत्या का
मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
-रणबीर सिंह, थाना प्रभारी मुरथल