सोनीपत। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीएस-4 मानक के डीजल वाहन दौड़ाने पर पूर्ण पाबंदी लग चुकी है। हरियाणा से दिल्ली में किलोमीटर स्कीम के तहत बसों का प्रवेश नहीं हो रहा है। दिल्ली में किलोमीटर स्कीम के तहत बीएस-4 मानक की बसों का संचालन नहीं होने से हरियाणा रोडवेज प्रशासन को नुकसान हो रहा है। सरकार के आदेश पर बस मालिकों की ओर से बसों को बीएस-6 मानक में बदला जा रहा है। अब तक 10 बसों को बदला जा चुका है।
जिले में रोडवेज प्रशासन की तरफ से किलोमीटर स्कीम की 62 बसों का संचालन किया जाता है। यह बसें वर्तमान में बीएस-4 मानक की हैं। दिल्ली में प्रदूषण के चलते बीएस-4 मानक के डीजल वाहनों पर रोक लगी है। इसकी वजह से किलोमीटर स्कीम की यह बसें दिल्ली रूट पर नहीं जा पा रही हैं। सोनीपत से बीएस-4 की बसों का संचालन करीब पांच साल पहले शुरू हुआ था। तब से यह बसें लोकल और लंबे रूट पर चल रही हैं। दिल्ली में बीएस-4 मानक की वाहनों पर रोक लगने के बाद दिल्ली या दिल्ली के निकलकर आगरा, जयपुर, अजमेर रूट पर किलोमीटर स्कीम की बसों का संचालन बंद कर रखा है।
वर्ष 2020 में आई किमी स्कीम की बसें
वर्ष 2018 में किलोमीटर स्कीम के तहत बीएस-4 मानक की बसों को चलाने के आदेश आए थे। इन बसों के संचालन को लेकर रोडवेज के कर्मचारियों ने विरोध जताया था। उसके बावजूद वर्ष 2020 में किलोमीटर स्कीम के तहत बीएस-4 की 62 बसें आई थीं। तब से यह बसें लोकल और लंबे रूट पर चलाई जा रही हैं।
रोडवेज बसों का दिल्ली में किया जा रहा संचालन
किलोमीटर स्कीम के तहत बीएस-4 मानक की बसों का संचालन बंद होने के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए बीएस-6 मानक की रोडवेज बसों को दिल्ली में चलाया जा रहा है, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। रोडवेज बसों का संचालन सोनीपत से वाया दिल्ली होते हुए कटरा, आगरा, सुजानपुर, चंडीगढ़, जयपुर, अजमेर, आगरा रूट पर किया जा रहा है।
वर्जन
बस मालिकों की तरफ से किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली बीएस-4 मानक की बसों को बीएस-6 में बदला जा रहा है। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण कार्यालय से इन बसों की पासिंग होने के बाद दिल्ली व लंबे रूटों पर संचालित किया जाएगा। -संजय कुमार, महाप्रबंधक, हरियाणा रोडवेज, सोनीपत
सोनीपत में रोहतक रोड पर नई अनाज मंडी में रखे गेहूं से भरे बैग व खुले में पड़ा गेहूं। संवाद