संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। गांव मोई माजरी स्थित बाबा जिंदा डेरे में चैत्र शुक्ल चौदस के अवसर पर दो दिवसीय मेले का शुभारंभ मठाधीश बाबा बालक नाथ की देखरेख में हुआ। मेले के पहले दिन श्रद्धालुओं ने बाबा जिंदानाथ की समाधि पर माथा टेककर मन्नतें मांगी। वहीं, मनोकामना पूरी होने पर प्रसाद के रूप में गुड़, दूध, झाडू, कंबल चढ़ाया।
मान्यता है कि बाबा जिंदानाथ की समाधि पर माथा टेकने से रसोली, मच्छ और पशुओं की अन्य बीमारियां दूर होती हैं। बाबा जिंदानाथ डेरे पर आने वाले श्रद्धालुओं को धूने से भभूत, काले डोरे, आरोग्य व शांति प्रदान करने के लिए आशीर्वाद स्वरूप दिए गए।
मेले में आने वाले भक्तों के लिए डेरा की तरफ से आवागमन के लिए निशुल्क वाहनों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मेले में व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए महिला व पुरुष पुलिस बल की व्यवस्था भी की गई है।
जाम की स्थिति से निपटने के लिए मेले में वाहनों को खड़ा करने के लिए अलग से पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है। मोई गांव में बाबा जिंदानाथ डेरे के महंत बालक नाथ ने बताया कि यहां सभी जाति, धर्म, वर्ण संप्रदाय के लोग आते हैं।