शहर के व्यस्ततम सुभाष चौक के पास स्थित मंदिर का ताला तोड़कर चोर दानपात्र, प्रतिमा के आभूषण और वस्त्र तक चोरी कर ले गए। सुबह आरती के लिए पहुंचे लोगों को चोरी का पता लगा। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध दिख रहे हैं।
सुभाष चौक के पास स्थित हनुमान मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने रात में ताला तोड़कर हनुमान मंदिर का दानपात्र चोरी कर लिया। प्रबंधन ने दानपात्र से दो महीने से धनराशि नहीं निकाली गई थी। जिसमें उसमें हजारों रुपये होने का अनुमान है। दानपात्र के साथ ही चोरों ने प्रतिमा के आभूषण व वस्त्र भी उतार लिए। इसके साथ ही चोरों ने मंदिर में कीर्तन के लिए रखे गए वाद्य यंत्र ढोलक, हारमोनियम, मंजीरा, चिमटा तक चोरी कर लिए। संदिग्ध मंदिर के अंदर और बाहर लगे दोनों सीसीटीवी कैमरों में दिख रहे हैं। मंदिर प्रबंधन ने फुटेज निकालकर पुलिस को सौंप दी है। इससे पहले भी चोर कामी रोड स्थित प्राचीन काली माता मंदिर से देवी के साढ़े तीन किलो चांदी के दो छत्र व मुकुट चोरी कर ले गए थे। उनका भी पता नहीं लग सका है। प्रबंधक मोहनलाल चुग का कहना है कि चोरों ने भगवान के घर को निशाना बनाया है। पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस ने चोरों का पता लगाने का आश्वासन दिया है। सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करा दी गई है। चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।