गोहाना। गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज के स्पेशल कोविड अस्पताल में अब नए मरीजों को भर्ती नहीं किया जाएगा। अस्पताल में ऑक्सीजन की खपत बढ़ने और वेंटिलेटर खाली नहीं होने से जिला प्रशासन के आदेश पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि आगामी दिनों में दाखिल मरीजों की स्थिति सुधरने पर नए मरीजों को दाखिल करने पर विचार किया जाएगा।
प्रदेश सरकार ने बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में 500 बेड स्थापित किए हैं। पिछले वर्ष कोरोना के मामले बढ़ने पर इसे स्पेशल कोविड अस्पताल घोषित किया गया था। बीच में कोरोना के मामलों में कमी आने के कारण स्थानीय प्रशासन ने 300 बेड कोरोना और 200 बेड अन्य बीमारियों के मरीजों के लिए रखे थे। अब कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और जिला अस्पताल से यहां मरीजों को रेफर किया जा रहा है। अब तक कोविड अस्पताल में मेडिकल कॉलेज प्रशासन केवल उन मरीजों को ही दाखिल कर रहा था, जिनको वेंटिलेटर और ऑक्सीजन की जरूरत हो रही थी। कोविड अस्पताल में 40 वेंटिलेटर की सुविधा हैं, जिनमें से फिलहाल कोई खाली नहीं है। इसके अलावा 70 मरीज ऐसे दाखिल हैं, जिनको लगातार ऑक्सीजन दी जा रही है। इससे ऑक्सीजन की खपत काफी बढ़ गई है और वहां अन्य मरीज भर्ती करने पर ऑक्सीजन की किल्लत हो सकती है। ऐसे में अब जिला प्रशासन ने अस्पताल में नए मरीजों को दाखिल नहीं करने के निर्देश दिए हैं।
-
10 गुणा बढ़ी ऑक्सीजन की खपत
मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में सामान्य दिनों में 50-60 ऑक्सीजन सिलिंडरों की खपत थी, लेकिन जब से कोरोना के मरीजों में बढ़ोतरी हुई है, इसकी खपत 10 गुणा बढ़ गई है। अब कोविड अस्पताल में हर रोज 500-600 ऑक्सीजन सिलिंडरों की खपत हो रही है। ऑक्सीजन की मांग बढ़ने से आपूर्ति पूरी नहीं हो रही है, जिस कारण अस्पताल में नए मरीजों को दाखिल करने पर रोक लगाई गई है।
वर्जन
कोविड अस्पताल में वेंटिलेटर खाली नहीं है। इनके अलावा 70 मरीजों को ऑक्सीजन पर रखा है। ऐसे में हर रोज 500-600 ऑक्सीजन सिलिंडरों की खपत हो रही है। अब जिला प्रशासन की तरफ से नए मरीजों को दाखिल न करने के आदेश मिले हैं। फिलहाल कोई नया मरीज दाखिल नहीं किया जा रहा है, क्योंकि न वेंटिलेटर है और मरीजों की संख्या अनुसार ऑक्सीजन मिल रही है। वेंटिलेटर व ऑक्सीजन की सुविधा अनुसार आगामी दिनों में मरीजों के दाखिल करने पर विचार किया जाएगा।
- डॉ. धीरज, प्रवक्ता, बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज।