सोनीपत। तकनीकी कारणों से मई माह में राशन प्राप्त नहीं कर सके बीपीएल और अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) के लाभार्थियों को राहत मिली है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने ऐसे पात्र परिवारों को 15 जून तक लंबित राशन सामग्री लेने का अवसर दिया है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विंशेल सहरावत ने बताया कि मई माह के दौरान जिन पात्र लाभार्थियों को चीनी और सरसों तेल जैसी आवश्यक वस्तुएं नहीं मिल सकी थीं, वे अब 15 जून तक संबंधित राशन डिपो से सामग्री प्राप्त कर सकते हैं।
आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि पुरानी प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीनें बंद होने के बाद डिपो धारकों को नई पीओएस मशीनों के माध्यम से राशन वितरण के निर्देश दिए गए थे। नई मशीनों की स्थापना और संचालन प्रक्रिया में समय लगने के कारण कुछ स्थानों पर राशन वितरण समय पर शुरू नहीं हो सका। इससे कई पात्र लाभार्थी आवश्यक वस्तुओं से वंचित रह गए थे।
लाभार्थियों की परेशानी को देखते हुए विभाग ने विशेष व्यवस्था के तहत मई माह की छूटी हुई आवश्यक वस्तुओं के वितरण की अवधि 15 जून तक बढ़ा दी है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक ने पात्र परिवारों से निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित राशन डिपो पर पहुंचकर चीनी और सरसों तेल सहित लंबित सामग्री प्राप्त करने की अपील की है।