फोटो 20: सोनीपत के नागरिक अस्पताल में चिकित्सक कक्ष के बाहर खड़े मरीज। संवाद
- फोटो : udhampur news
सोनीपत। नागरिक अस्पताल में बुधवार को हड्डी व ईएनटी के मरीजों को उपचार नहीं मिल सका। इसके कारण मरीज बिना उपचार कराए वापस लौटने के लिए मजबूर हुए। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विपिन दलाल सिविल सर्जन कार्यालय में दिव्यांगता जांच शिविर में गए थे। वहीं, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप लाकड़ा कोर्ट एविडेंस पर गए थे।
जिला नागरिक अस्पताल में रोजाना 1800 से ज्यादा मरीज उपचार कराने पहुंच रहे हैं, लेकिन समय पर चिकित्सक न मिलने के कारण उन्हें परेशानी होती है। अस्पताल में रोजाना 200 से ज्यादा हड्डी के रोगी पहुंच रहे हैं। हड्डी विशेषज्ञ डॉ. विपिन दलाल कभी ऑपरेशन थियेटर तो कभी कोर्ट एविडेंस पर रहते हैं।
इसकी वजह से ओपीडी में मरीजों को चिकित्सक की सेवाएं बहुत कम मिल रही हैं। बुधवार को हड्डी विशेषज्ञ डॉ. विपिन दलाल दिव्यांगता बोर्ड के शिविर में जाने की वजह से ओपीडी नहीं लगा सके। जिससे मरीजाें को परेशानी हुई।
ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप लाकड़ा कोर्ट एविडेंस पर गए थे। इसकी वजह से कान नाक व गला (ईएनटी) के मरीजों को उपचार नहीं मिला। जिला अस्पताल में दोनों चिकित्सक न होने के कारण ओपीडी पर्ची न बनने से मरीजों को वापस लौटना पड़ा।