संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। सरकारी गेहूं की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (सीएम फ्लाइंग) और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने रविवार को दिल्ली रोड स्थित कपूर आटा चक्की पर छापा डालकर 93 क्विंटल (186 कट्टे) सरकारी गेहूं बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.25 लाख रुपये है।
प्रारंभिक जांच में सरकारी गेहूं की अवैध खरीद-बिक्री की पुष्टि होने पर पुलिस ने चक्की संचालक और संबंधित आढ़ती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक प्रवेश कुमार ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि ट्रॉली में सरकारी गेहूं लाकर आटा चक्की में उतारा जा रहा है। सूचना मिलते ही विभाग और सीएम उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
ट्रॉली में 80 कट्टे गेहूं भरे मिले, जबकि 106 कट्टे पहले ही चक्की के होद में खाली किए जा चुके थे। सभी कट्टों पर सरकारी मार्का, वर्ष 2021-22 और रबी मार्केटिंग सीजन (आरएमएस) 2026-27 की नीले धागे वाली सरकारी सिलाई अंकित मिली। इससे स्पष्ट हुआ कि गेहूं सरकारी भंडारण का है।
पूछताछ में आटा चक्की संचालक राजेश ने बताया कि उन्होंने यह गेहूं फरमाणा मंडी के आढ़ती गांव भठगांव निवासी संदीप से खरीदा था। संयुक्त टीम ने जब खरीद-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो दोनों कोई रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद टीम ने सरकारी गेहूं की अवैध खरीद-बिक्री मानते हुए कार्रवाई की संस्तुति की।
सूचना पर खरखौदा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और गेहूं कब्जे में लेकर वीडियोग्राफी कराई। निरीक्षक प्रवेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने चक्की संचालक और आढ़ती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी गेहूं किस गोदाम या एजेंसी से निकला और किन लोगों की मिलीभगत से आटा चक्की तक पहुंचा।
इंसेट
सरकारी बारदाने ने खोला राज
जांच अधिकारियों के अनुसार बरामद गेहूं सरकारी बारदाने में पैक था और उस पर नीले धागे की सरकारी सील लगी हुई थी। इस प्रकार का गेहूं निर्धारित सरकारी प्रक्रिया के बिना खुले बाजार में बेचा या खरीदा नहीं जा सकता। यही कारण है कि मामले को गंभीर मानते हुए कानूनी कार्रवाई की गई।
वर्जन
सूचना के आधार पर संयुक्त कार्रवाई में सरकारी गेहूं बरामद किया गया है। चक्की संचालक और आढ़ती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। अब यह जांच की जा रही है कि सरकारी गेहूं कहां से आया, किसके माध्यम से बेचा गया और इस पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों की संलिप्तता है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।-जीत बेनीवाल, डीएसपी मुख्यमंत्री उड़नदस्ता
फोटो: सोनीपत के खरखौदा में दिल्ली रोड स्थित आटा चक्की पर छापा डाल कार्रवाई के दौरान जांच करती म