हरियाणा में भाजपा का संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी ने सेक्टर-8 स्थित अपने जिला कार्यालय में केंद्र सरकार की 11 वर्ष की उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिए ‘संकल्प से सिद्धि’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
5 जून से 15 अगस्त तक संकल्प से सिद्धि अभियान
कार्यक्रम में सतीश पूनिया ने घोषणा की कि 5 जून से 15 अगस्त तक हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की योजनाओं, जैसे उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना, और आयुष्मान भारत योजना, को घर-घर तक पहुंचाने का लक्ष्य दिया गया।
भारतीय सेना की आत्मनिर्भरता की प्रशंसा
पत्रकारों से बातचीत में सतीश पूनिया ने ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए भारतीय सेना की आत्मनिर्भरता और आतंकवाद के खिलाफ उसकी मजबूत कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा यह ऑपरेशन आतंकवाद के खिलाफ है, न कि पाकिस्तान की निर्दोष जनता के खिलाफ। पूनिया ने ऑपरेशन पर सवाल उठाने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ऐसे लोग सेना का मनोबल तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जो हास्यास्पद और निंदनीय है।
विपक्ष और कांग्रेस पर तीखा प्रहार
विपक्ष पर निशाना साधते हुए पूनिया ने कहा कि विशेष सत्र की मांग कर विपक्ष केवल नौटंकी करता है और सत्र के दौरान मुद्दों से भटक जाता है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा जनता ने राहुल गांधी को नकार दिया है। उनका आचरण देश के लिए उपयुक्त नहीं है। विदेशों में जाकर भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठाना निंदनीय है। पूनिया ने कांग्रेस पर संगठनात्मक कमजोरी का भी आरोप लगाया।
ये भी पढ़ें: हरियाणा में सीएम फ्लाइंग ने की छापेमारी: मौके से बरामद की फर्जी सिम, आपराधिक गतिविधियों की मिली थी सूचना