दोनों पर हैवानियत सवार थी
युवती सुबकते हुए वीडियो में बोल रही है कि वह दिल्ली की रहने वाली है। वह देशवासियों से अपना दर्द साझा करना चाहती है। मेरे साथ जो हुआ है उससे मरने को मन करता है, लेकिन ऐसा नहीं कर सकती। दो लोगों ने 3 जुलाई, 2023 की रात कसौली में मेरे साथ गलत काम किया। उन दोनों पर हैवानियत सवार थी। उन्होंने अपनी उम्र का भी ख्याल नहीं किया। वह बोल भी नहीं सकती। जिसका नाम मैं आपको बताना चाहूंगी। यह सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है। इनका नाम मोहनलाल बड़ौली और रॉकी मित्तल उर्फ जयभगवान है। इन लोगों ने मेरे साथ इतना गलत किया है, मुझे ही पता है। डेढ़ साल से मुझ पर क्या बीत रही है, मैं कैसे जी रही हूं, यह मुझे ही पता है।
आरोपियों को बेनकाब करूंगी
युवती वीडियो में कह रही है कि उसकी जान को खतरा है। साथ ही अपनी दोस्त का नाम लेते हुए कहा कि वह उस दिन कमरे में थी, लेकिन आरोपियों ने पता निकालकर उसे डरा-धमकाकर बयान दिलवाए हैं। अब लोग मुझे झूठा साबित करने में लगे हैं, लेकिन मैं आखिर तक लड़ूंगी और सबूतों के साथ पत्रकारों से बातचीत कर आरोपियों को बेनकाब करूंगी।
सत्ता और राजनीति का दिखा रहे डर
युवती ने आरोप लगाया है कि उन लोगों ने मुझे सत्ता और राजनीति से बुरी तरह डरा रखा है। उन लोगों ने मुझे मारने की धमकी दे रखी है। जो भी लोग मुझ पर सवाल उठा रहे हैं कि केस झूठा है। मैं आपसे जवाब चाहती हूं कि आपके घर में कोई बेटी हो, उसके साथ कोई बड़ी उम्र का आदमी ऐसा गलत करे तो क्या आप उस लड़की को ही गुनहगार बताएंगे। उस लड़की के ही बारे में गलत बोलेंगे। क्या वो गलत नहीं हो सकते। मैं आपको एक बात और बताना चाहूंगी। इसके दो गवाह थे। एक मेरे बॉस थे और दूसरी मेरी सहेली जो कमरे में मौजूद थी। उसका पता सिर्फ पुलिस वालों के पास या उस होटल आईडी में था। उसका पता कहां से निकाला। उसे भी मजबूर किया झूठे बयान देने के लिए। मैं उसका दर्द समझ सकती हूं। वो मुझे कितना डरा रहे, ये मैं ही जानती हूं।
पंचकूला बुलाया, झूठी शिकायत दर्ज करवाई
मुझे मेरी दोस्त से उम्मीद नहीं थी कि उसने यह भी बोला कि कसौली से आने के बाद हम एक-दूसरे से नहीं मिले। उसे यह तो याद होगा न कि इन लोगों ने हमें फोन करके पंचकूला बुलाया था। वहां हमारे खिलाफ एक झूठी शिकायत भी दर्ज कराई। मुझे फंसाने की कोशिश की गई। देशवासियों, महिला आयोग, पुलिस से विनती है कि कृपया मेरा पता किसी को न दीजिएगा। मेरी जान को खतरा है। वह लोग मेरी दोस्त का पता निकाल सकते हैं तो वह मेरा भी पता निकाल सकते हैं। मैं आप लोगों से प्रार्थना करती हूं कि मेरा साथ दीजिए। मैं लड़ाई आधी नहीं छोड़ना चाहती।
अमर उजाला वीडियो की सत्यतता की पुष्टि नहीं करता।