भाजपा जाखौली मंडल अध्यक्ष जोगिंद्र उर्फ शेखर
- फोटो : संवाद
गांव खेवड़ा के अनुसूचित जाति से संबंध रखने वाले सरपंच से मारपीट, जातिसूचक शब्द कहने और मारने की धमकी देने के आरोपी भाजपा जाखौली मंडल अध्यक्ष जोगिंद्र उर्फ शेखर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सरपंच बहादुर सिंह ने पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर 28 सितंबर को बहालगढ़ थाने में केल दर्ज कराया था कि वह 21 सितंबर को महिला सांस्कृतिक केंद्र के मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर रहे थे।
उसी समय जाखौली मंडल अध्यक्ष जोगिंद्र उर्फ शेखर और उसके चाचा बलराम ने उन्हें अपने कार्यालय के सामने बुलाया। सरपंच का आरोप है कि दोनों ने उन्हें जातिसूचक शब्द कहे और मारपीट की। सरपंच का आरोप है कि वह बिना पंचायत की अनुमति के कार्यों को पास करवाना चाहते थे। सरपंच ने शिकायत में लिखा था कि बलराम आंतिल खुद को जेई बताकर एमबी खुद भरने की बात करता था जबकि उसे सरकार या प्रशासन ने नियुक्त नहीं किया है। सरपंच की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था।
मामले में आरोपी ने अदालत में अग्रिम जमानत याचिका लगाई हुई थी मगर वह निरस्त हो गई थी। उसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। शनिवार को एसीपी निधि नैन की टीम ने आरोपी जोगिंद्र उर्फ शेखर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले में जोगिंद्र के चाचा बलराम को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वह फिलहाल जमानत पर है।