ग्रामीणों को संबोधित करते इनेलो नेत्री सुनैना चौटाला। संवाद
खरखौदा। इनेलो की महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने भाजपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए दोनों पार्टियों को जनता के हितों के खिलाफ बताया। वह बुधवार को खरखौदा में 27 सितंबर को चौधरी देवीलाल की जयंती पर होने वाले कार्यक्रम का न्योता देने पहुंची थी। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में महंगाई बढ़ी है और किसान, कर्मचारी, युवा, महिलाएं व बुजुर्ग समेत हर वर्ग अपनी मांगों को लेकर धरना देने को मजबूर हुआ है।
उन्होंने कहा कि छोटी-से-छोटी वस्तु खरीदने पर भी जीएसटी देना पड़ता है, लेकिन जनता से जुटाए जा रहे खरबों रुपये का हिसाब सार्वजनिक क्यों नहीं किया जाता। सुनैना चौटाला ने खरखौदा हलके के कई गांवों का दौरा करते हुए भाजपा के पुराने चुनावी वादों पर भी सवाल उठाए।
महिला प्रदेश प्रभारी ने आईएमटी में स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने राज्यसभा चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर गंभीर आरोप लगाए और कांग्रेस-भाजपा के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया।
सुनैना चौटाला ने कहा कि बुजुर्गों की पेंशन चौधरी देवीलाल की देन है और अभय सिंह चौटाला ने पेंशन को बचाने का काम किया है। उन्होंने लोगों से नूंह में चौधरी देवीलाल की जयंती पर भारी संख्या में पहुंचने की अपील की। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष कुणाल गहलावत, बलवान नंबरदार, देवेंद्र दहिया, अशोक राणा आदि मौजूद रहे।