खरखौदा। कैंटर ने दिल्ली मार्ग पर सैदपुर में दो बाइकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार चार युवक घायल हो गए। उनको इलाज के लिए पीजीआई, रोहतक ले जाया गया, जहां पर चिकित्सक ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
गांव रामपुर-कुंडल निवासी मुकुल ने बताया कि वह अपने साथी विकास के साथ रविवार शाम खरखौदा से गांव लौट रहा था। वहीं दो अन्य साथी कुंडल निवासी आशीष व रायपुर निवासी सचिन भी एक बाइक पर सवार होकर उनके साथ चल रहे थे।
जब वह आईएमटी खरखौदा के गेट से कुछ आगे सैदपुर की तरफ बढ़े तो पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइकों को टक्कर मार दी। राहगीरों ने सभी घायलों को खरखौदा स्थित अस्पताल पहुंचाया।
चारों को प्राथमिक उपचार देकर पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया गया। पीजीआई में चिकित्सकों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। मुकुल की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। संवाद