गन्नौर। शेखपुरा मोड़ के निकट स्थित सूर्या भट्ठा के सामने सोमवार तड़के एक बाइक सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई जबकि उनका साथी घायल हो गया।
गांव दोदवा निवासी संदीप ने बताया कि वह और उनका दोस्त गांव के ही रहने वाले राहुल निर्मल सिटी वेयर हाउस गन्नौर में नौकरी करते थे। 27 अक्तूबर को वह अपने दोस्त राहुल के साथ ड्यूटी समाप्त करने के बाद गांव लौट रहा था। बाइक राहुल चला रहे थे।
जब वह शेखपुरा मोड़ के निकट सूर्या भट्ठा के पास पहुंचे तो टायर फटने की वजह से सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि वह भी चोटिल हो गया।
हादसे के बाद उसने गांव से विजय को बुलाया। विजय ने उन्हें खानपुर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल लेकर गए मगर रास्ते में ही राहुल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शिकायत पर ट्रैक्टर ट्रॉली चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।