गांव राई में बंगाली क्लीनिक के अंदर जांच करती मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व स्वास्थ्य विभाग की टीम। व?
- फोटो : Sonipat
गांव राई में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने बिना लाइसेंस बंगाली चांदसी क्लीनिक चला रहे संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी 24 साल से क्लीनिक चला रहा था। संयुक्त टीम ने क्लीनिक से दवाइयां भी बरामद की हैं। राई थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम को सूचना मिली थी कि राई गांव में कई साल से एक व्यक्ति बंगाली चांदसी नाम से क्लीनिक चल रहा है। उसके पास लाइसेंस नहीं है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ सोनीपत को भी सूचना दी गई। इसके बाद सीएमओ सोनीपत ने टीम गठित की। जिसमें मेडिकल ऑफिसर डॉ. सन्नी ओहलान, एएमओ डॉ. रजनीश वर्मा, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता से एसआई सुनील कुमार व राई थाना की टीम क्लीनिक पर पहुंची। संयुक्त टीम को बंगाली चांदसी क्लीनिक पर लालटू अधिकारी मिले। वह मूलरूप से पश्चिम बंगाल के जिला नदिया के गांव बगानपाड़ा के रहने वाले हैं और वर्तमान में गांव राई में रहते हैं। जब टीम ने पूछताछ की तो उसने बताया कि बंगाली चांदसी क्लीनिक उन्हीं का है और यहां पर 24 साल से क्लीनिक चला रहे थे। संयुक्त टीम की जांच में सामने आया कि लालटू अधिकारी के पास किसी प्रकार की कोई डिग्री नहीं थी। वह केवल 12वीं पास है। टीम ने क्लीनिक से 30 प्रकार की एलोपैथिक एवं 13 प्रकार की अलग-अलग किस्म की दवाइयां बरामद कीं। जब दवाइयों के बिल मांगे गए बिल नहीं होने का हवाला दिया। स्वास्थ्य विभाग एवं मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने जांच के बाद राई थाना में आरोपी के खिलाफ शिकायत दी। राई थाना पुलिस ने भी आरोपी लालटू अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सामान्य अस्पताल के एमओ के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी क्लीनिक संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। -इंस्पेक्टर बदन सिंह, थाना प्रभारी, राई
लोगों के स्वास्थ्य के खिलाफ खिलवाड़ किसी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। बिना लाइसेंस, डिग्री या डिप्लोमा के लोगों का उपचार करने वाले क्लीनिक संचालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। -अजीत सिंह, डीएसपी मुख्यमंत्री उड़नदस्ता