भवन निर्माण के लिए नक्शे की फाइल पास न करने व सीएम विंडो की शिकायत लंबित रखने के चलते नगर निगम आयुक्त ने भवन निरीक्षक को निलंबित कर दिया है। साथ ही 19 से 23 दिसंबर तक गृहकर बिल ठीक करने को लगाए गए शिविर के दौरान ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर एक लिपिक को निलंबित किया है। निगम आयुक्त मोनिका गुप्ता ने उप निगम आयुक्त हरदीप सिंह की अनुशंसा पर यह कार्रवाई की है। निगम आयुक्त का कहना है कि काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर निगम कार्यालय में भवन निर्माण के लिए नक्शे पास करवाने के लिए फाइलों का अंबार लगा हुआ है। फाइलें पास करने में हो रही देरी के चलते भवन निरीक्षक को पहले नोटिस जारी किए गए थे। नक्शे पास कराने के लिए लोग काफी समय से निगम अधिकारियों के पास चक्कर काट रहे थे। लोगों की बढ़ती समस्या के बावजूद भवन निरीक्षक ने लंबित फाइलों को समय पर नहीं निपटाया। साथ ही सीएम विंडो की लंबित शिकायतों का समाधान नहीं करने के मामले में भवन निरीक्षक ने लापरवाही बरती। साथ ही निगम प्रशासन की ओर से भवन निरीक्षक को लंबित फाइलों को निपटाने के निर्देश दिए जा रहे थे, उसके बावजूद भवन निरीक्षक ने समय पर फाइलों को नहीं निपटाया। जिसके चलते निगम आयुक्त मोनिका गुप्ता ने भवन निरीक्षक वीरेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया। वहीं प्रॉपर्टी आईडी व बिलों में हुई त्रुटि को ठीक करने के लिए नगर निगम के नागरिक सुविधा केंद्र में 19 से 23 दिसंबर तक शिविर लगाया गया। इस शिविर में लिपिक राकेश की ड्यूटी लगा रखी थी। वह किसी भी दिन ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। इसको लेकर उप निगम आयुक्त की तरफ से नोटिस भी दिया गया। उसके बावजूद वह शिविर में नहीं गए। जिस पर उप निगम आयुक्त की अनुशंसा पर नगर निगम आयुक्त ने लिपिक राकेश को निलंबित कर दिया गया।
भवन निर्माण के लिए नक्शे की फाइलें पास न करने व सीएम विंडो की शिकायतें लंबित रखने के चलते भवन निरीक्षक को निलंबित किया गया है। साथ ही शिविर में लगी ड्यूटी में लापरवाही करने के मामले में एक लिपिक को भी निलंबित किया गया है। -मोनिका गुप्ता, आयुक्त नगर निगम