गोहाना। शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए नगर परिषद की तरफ से विभिन्न चौक पर कूड़ादान रखे जाएंगे। इसके लिए नगर परिषद ने योजना तैयार की है। साथ ही सभी चौक पर कूड़ादान रखने की जगह चिह्नित करने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है, ताकि जगह सुनिश्चित कर कूड़ादान की संख्या निर्धारित कर मुख्यालय को मंजूरी के लिए भेजा जा सके।
शहर की सड़कों पर दिन के समय थैलियां, प्लास्टिक की बोतलें व अन्य तरह कचरा बिखरा रहता है। इससे शहर के सुंदरीकरण को दाग लगता है। इस समस्या के समाधान के लिए नगर परिषद की तरफ से शहर के मुख्य चौकों व भीड़भाड़ वाली जगह पर कूड़ादान रखने की योजना तैयार की गई है, इससे लोग सड़कों पर कचरा न डालकर कूड़ादान में डालेंगे। कर्मचारियों को साफ-सफाई करने में आसानी होगी।
प्लास्टिक कचरे के लिए अलग से रखे जाएंगे छोटे कूड़ादान
नगर परिषद की तरफ से प्लास्टिक के कचरे के लिए छोटे डस्टबिन शहर में रखे जाएंगे। इन कूड़ादानों में केवल प्लास्टिक कचरा (पॉलिथीन, प्लास्टिक की बोतल, पेकिंग के रेपर) डाला जाएगा। इस प्लास्टिक के कचरे को एकत्रित कर दोबारा से इस्तेमाल करने को लेकर भी योजना बनाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार प्लास्टिक के कचरे को नष्ट करने में काफी समय लगता है। यदि इस कचरे को रि-साइकिल कर दोबारा इस्तेमाल किया जाए तो नगर परिषद को फायदा होगा।
वर्जन
शहर में विभिन्न चौकों पर कूड़ादान रखने के लिए योजना बनाई जा रही है। इसके लिए जगह चिह्नित करने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। जल्द ही शहर वासियों के लिए हर चौक पर कूड़ादान रखा जाएगा।
- निशा शर्मा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, गोहाना