गोहाना। गांव मिर्जापुर खेड़ी में ग्रामीण की ओर से मारपीट का मुकदमा दर्ज कराने की रंजिश में उस पर हमला किया गया है। हमलावरों ने पहले कार से बाइक को टक्कर मारी और उसके बाद ग्रामीण को डंडों से पीटा। हमलावरों की कार भी खेतों में उतर गई। गांव के लोगों को आता देखकर हमलावर कार छोड़कर भाग गए।
गांव मिर्जापुर खेड़ी के राजबीर ने पुलिस को बताया कि वह खेती करते हैं। रविवार सुबह बाइक पर कथूरा रोड से होते हुए अपने खेत में जा रहे थे। जब वह कथूरा रोड पर पंचायती जमीन के पास पहुंचे तो सामने से कार तेज रफ्तार से आई और बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह गिर गया। कार रोड के किनारे खेतों में उतर गई। कार से तीन युवक उतरे। उसनें उनके गांव का सचिन और दो अन्य युवक थे।
उन्होंने आते ही उनको डंडों से पीटना शुरू कर दिया। आसपास के खेतों से कई ग्रामीण मौके पर आ गए। उन्हें देखकर हमलावर पैदल ही भाग गए। कुछ देर बाद एक बाइक कथूरा की तरफ से तेज गति से आई और उनके पास से निकली। उन्हें शक है कि बाइक सवार भी उनके साथ थे।
राजबीर का कहना है कि सचिन के भाई असीन के खिलाफ उसने कुछ समय पहले मारपीट का केस दर्ज कराया था। इसी रंजिश को लेकर अब उससे मारपीट की। पुलिस ने कार, धारदार हथियार और रॉड बरामद की।