गोहाना/सोनीपत। बरोदा उपचुनाव के लिए कांग्रेस से टिकट लेने को दावेदारी करने वाले 28 नेताओं में से 26 के साथ मंगलवार शाम को पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने मुलाकात की। जिससे हर किसी की नाराजगी दूर कर सके तो उन सभी को एकजुट होकर मैदान में उतरने के लिए कहा गया। पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने सभी की अलग-अलग गांवों में ड्यूटी लगाकर घर-घर जाने की योजना बनाई।
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा मंगलवार शाम को गोहाना में पहुंचे, जहां एक निजी बैक्वेंट हॉल में उन नेताओं से मुलाकात की जो बरोदा से टिकट के दावेदार थे। ऐसे 28 दावेदारों में प्रदीप सांगवान व शिक्षा विभाग में कार्यरत रहे जगबीर मलिक बाहर होने के कारण नहीं पहुंच सके, जबकि अन्य 26 दावेदार वहां पहुंच गए। वहां पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि चुनाव केवल एक ही नेता लड़ता है, इसलिए जिसको टिकट मिला है, उसका साथ देने के लिए सभी को पुरानी बातों को भूलकर मैदान में उतरना होगा। इस दौरान कर्नल रोहित मोर, जीता हुड्डा, कमला भावड़, राजू मोर, सतपाल खोखर, डॉ. सन्नी मलिक, कुलदीप गंगाना, मोहित मलिक, रविंद्र मोर, जयपाल बुटाना आदि मौजूद रहे।