गोहाना/सोनीपत। बरोदा के चुनावी रण से तीन नामांकन वापस लिए गए हैं और अब वहां 14 धुरंधर मैदान में डटे हुए हैं। नामांकन वापस लेने वालों में जहां दो निर्दलीय हैं, वहीं एक कवरिंग प्रत्याशी ने नामांकन वापस लिया है। इस तरह अब फाइनल प्रक्रिया हो चुकी है, जिससे ईवीएम में 14 निशान आएंगे और वोटरों को उनका ही बटन दबाना होगा।
चुनाव अधिकारी और एसडीएम आशीष कुमार ने बताया कि बरोदा उपचुनाव के लिए 24 नामांकन आए थे, जिनमें से शनिवार को जांच के बाद 7 नामांकन निरस्त कर दिए गए है। इनमें से कई नामांकन ऐसे थे, जिन्होंने दो-दो नामांकन किए हुए थे तो किसी के नामांकन में कमी होने के कारण निरस्त किया गया था। इस तरह से शनिवार को 17 नामांकन बचे थे और इनमें से सोमवार तक नामांकन वापस लिया जाना था। जिनमें निर्दलीय कपूर नरवाल व जोगेंद्र मोर के अलावा लोसुपा प्रत्याशी के कवरिंग राजेंद्र सिंह ने नामांकन वापस लिया है। इस तरह से अब चुनावी मैदान में केवल 14 प्रत्याशी रह गए हैं। एसडीएम आशीष कुमार ने बताया कि ईवीएम में 14 चिह्न आएंगे, जिनमें पार्टियों समेत निर्दलीय के चुनाव चिह्न होंगे। इस तरह अब नामांकन की पूरी प्रक्रिया खत्म हो गई है और अब सभी प्रत्याशी आगे बढ़ने के लिए दम लगाएंगे।