गोहाना/सोनीपत। बरोदा उपचुनाव के लिए शुक्रवार को अंतिम दिन भाजपा के योगेश्वर दत्त, कांग्रेस के इंदूराज नरवाल, इनेलो के जोगेंद्र मलिक, निर्दलीय कपूर नरवाल समेत 17 नामांकन जमा कराए गए। इसके साथ ही कुल नामांकन 24 हो गए हैं। अपनी पार्टियों के प्रत्याशियों का नामांकन कराने के लिए बड़े नेता यहा पहुंचे थे। नामांकन के बाद सभी ने विपक्षी पार्टियों पर जुबानी हमला किया। इन नामांकन पत्रों की छंटनी शनिवार को होगी तो प्रत्याशी अपना नाम सोमवार तक वापस ले सकता है।
भैंसवाल कला गांव के रहने वाले भाजपा प्रत्याशी पहलवान योगेश्वर दत्त ने दोपहर को अपना नामांकन किया, जिन्होंने दो नामांकन जमा कराए है। उनका नामांकन कराने के लिए पूर्व परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा पहुंचे थे। वहीं बाहर तक कृषि मंत्री जेपी दलाल व सांसद रमेश कौशिक भी आए हुए थे। योगेश्वर दत्त पहले भी बरोदा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं।
शुक्रवार सुबह ही घोषित किए गए कांग्रेस के प्रत्याशी इंदूराज नरवाल उर्फ भालू ने अपना नामांकन पत्र जमा करवाया। उनका नामांकन पत्र जमा करवाने के लिए पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व मंत्री किरण चौधरी, पूर्व मंत्री गीता भुक्कल, विधायक जगबीर मलिक, विधायक जयवीर सिंह वाल्मीकि, विधायक सुरेंद्र पंवार, विधायक शमशेर गोगी, विधायक शकुंतला खटक पहुंचे थे। कांग्रेस प्रत्याशी इंदूराज रिंढाणा गांव के रहने वाले हैं और उन्होंने भी अपने दो नामांकन पत्र जमा कराए हैं, जबकि उनके कवरिंग में संजीव ने नामांकन किया है।
इनेलो की ओर से जोगेंद्र मलिक को प्रत्याशी बनाने की घोषणा भी शुक्रवार सुबह हुई और विधायक अभय चौटाला उनका नामांकन कराने पहुंच गए। ईशापुर खेड़ी गांव के रहने वाले जोगेंद्र मलिक पिछली बार भी इनेलो के प्रत्याशी रहे थे।
कथूरा के डॉ. कपूर सिंह नरवाल ने निर्दलीय नामांकन भरा, जिनका नामांकन करानेे के लिए महम के विधायक बलराज कुंडू पहुंचे थे। कपूर नरवाल को कांग्रेस का प्रत्याशी बनाने को लेकर खींचतान चल रही थी, लेकिन आखिरी समय में इंदूराज नरवाल को प्रत्याशी बनाने पर कपूर नरवाल ने निर्दलीय नामांकन करा दिया।
इन्होंने भी कराया नामांकन
इनके अलावा जींद के निर्जन गांव के कमलजीत, पानीपत के उरलाना कलां गांव के रहने वाले रामफल शर्मा, रोहतक के सांघी गांव के मूल निवासी एडवोकेट शक्ति सिंह, गुलशन व एकमात्र महिला सरोजबाला ने नामांकन कराया। इनके अलावा लोसुपा प्रत्याशी राजकुमार सैनी के कवरिंग उम्मीदवार के रूप में राजेंद्र सिंह ने नामांकन किया है। रोहतक के गांव खरकड़ा निवासी सोनू ने बीजेआरपी, गोहाना के इंद्र सिंह ने आरएमएपी, तिलकराज ने आरशजीडी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया है। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम आशीष कुमार ने नामांकन पत्र जमा करते हुए सभी प्रत्याशियों को आचार संहिता व चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करने की शपथ भी दिलवाई।
इनेलो प्रत्याशी जोगेंद्र मलिक का नामांकन कराते विधायक अभय चौटाला- फोटो : Sonipat
गोहाना में नामांकन करते भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर दत्त के साथ सांसद रामचंद्र जांगड़ा व पूर्व मंत- फोटो : Sonipat
नामांकन करते कांग्रेस प्रत्याशी इंदूराज नरवाल के साथ पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, प्रदेशाध्यक्?- फोटो : Sonipat