एसआईटी शाखा और सोनीपत पुलिस ने 84 फु ट लंबी सुरंग बनाकर बैंक के लाकरों से करोड़ों के आभूषण चोरी करने की घटना में संलिप्त तीन और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
आरोपी रोहित निवासी कुतबगढ़, दिल्ली, प्रवीन और सोनू निवासी गांव निंदाना, जिला रोहतक के रहने वाले है। पुलिस आरोपियों से मामले की पूछताछ कर रही है।
गत 27 अक्तूबर को थाना शहर गोहाना में सतीश कुमार गोयल निवासी पटेल बस्ती गोहाना, मैनेजर पीएनबी बैंक गोहाना ने शिकायत दी थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने बैंक में सेंध लगाकर 86 लॉकरों को तोड़कर आभूषण चोरी कर लिये है। सतीश कुमार गोयल की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज किया गया।
मामले की छानबीन डीएसपी गोहाना राजीव देशवाल के नेतृत्व में टीमें गठित कर डीएसपी खरखौदा अजीत सिंह, प्रबन्धक थाना शहर गोहाना, एसआईटी सोनीपत, सीआईए, सोनीपत, एसआईटी गोहाना और प्रबन्धक थाना सदर गोहाना कर रहे हैं।
पुलिस ने घटना में संलिप्त चार आरोपियों सुरेन्द्र उर्फ काला और बलराज उर्फ बल्लू को गांव लाठ की सीमा से, सतीश को कस्बा गोहाना की सीमा से तथा अरविंद उर्फ भोलू को गांव फ रमाणा की सीमा से गिरफ्तार करने में सफ लता प्राप्त की थी। रिमांड अवधि के दौरान बलराज उर्फ बल्लू के गांव कटवाल स्थित घेर से एक लाख 50 हजार रुपये बरामद किये गये थे।
बुधवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त तीन और आरोपियों रोहित, प्रवीन और सोनू को गांव लाखनमाजरा की सीमा से गिरफ्तार कर लिया है व सतीश, सुरेन्द्र व बलराज की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त औजार खोदना, खुर्पी व लोहे के पाइप को पानीपत बाईपास गोहाना की सीमा से बरामद कर लिया गया है।
यहां ये भी बता दे कि अब तक 43 किलो 910 ग्राम जेवरात और 2 लाख 65 हजार रुपये तथा एक अवैध देशी पिस्तौल व दो जिंदा कारतूसों को बरामद किया जा चुका है। अरविन्द उर्फ भोलू पुत्र सत्यवान निवासी कटवाल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।