संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशों के अनुपालन में सोनीपत यातायात पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (एनएच-44) पर विशेष नाकाबंदी और जांच अभियान शुरू किया है। इसके तहत सोनीपत से दिल्ली की ओर जाने वाले आवश्यक वाहनों को छोड़ अन्य सभी गैर-जरूरी मालवाहकों के एनएच-44 से दिल्ली प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। ऐसे वाहनों को कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) और कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) एक्सप्रेसवे के माध्यम से उनके गंतव्य की ओर भेजा जा रहा है।
यातायात पुलिस ने एनएच-44 के प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर विशेष नाकाबंदी कर दी है। वाहन चालकों को नियमों की जानकारी देने के लिए हाईवे पर सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि उन्हें पहले से ही वैकल्पिक मार्गों की जानकारी मिल सके और अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिसकर्मी हर मालवाहक की जांच कर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि केवल दिल्ली जाने के लिए अधिकृत और आवश्यक श्रेणी के वाहन ही आगे बढ़ें।
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह के अनुसार यह व्यवस्था राजधानी दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार लाने और प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लागू की गई है। विशेष रूप से मालवाहकों से निकलने वाले धुएं को कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग अपनाने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
ट्रैफिक थाना मुरथल प्रभारी इंस्पेक्टर बलवान सिंह ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान सीएक्यूएम के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी आदेश प्रभावी रहने तक जारी रहेगा। इसके लिए पुलिस की टीमें दिन-रात हाईवे पर तैनात रहकर वाहनों की निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अवहेलना न हो।
पुलिस ने मालवाहक चालकों और परिवहन कंपनियों से अपील की है कि वह यात्रा शुरू करने से पहले निर्धारित मार्गों की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें।
वर्जन
पर्यावरण संरक्षण केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से ही राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। वाहन चालकों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय सहयोग की उम्मीद है। -इंस्पेक्टर बलवाल सिंह, प्रभारी ट्रैफिक थाना मुरथल