सोनीपत। बढ़खालसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को कायाकल्प में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर पहली बार प्रदेश स्तर पर पहला स्थान मिला है। जिला नागरिक अस्पताल को सातवीं बार कायाकल्प अवॉर्ड मिला है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की ओर से कायाकल्प अवॉर्ड के रूप में बढ़खालसा सीएचसी को 15 लाख रुपये और जिला अस्पताल को तीन लाख रुपये दिए जाएंगे। इससे अस्पताल प्रबंधन को मरीजों के लिए सुविधाएं और बेहतर करने में मदद मिलेगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी परिणाम में 40 स्वास्थ्य केंद्रों का नाम अवाॅर्ड पाने वालों की सूची में शामिल हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की जांच, इलाज की सुविधाओं का कायाकल्प के तहत ही मूल्यांकन कराया गया था। जिला नागरिक अस्पताल समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में कायाकल्प टीम ने पिछले महीने फाइनल निरीक्षण किया था। इनमें सफाई और अन्य सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच-पड़ताल की गई। कायाकल्प टीम ने डायलिसिस सेंटर, इमरजेंसी, रेडियोलॉजी व ओपीडी ब्लॉक का निरीक्षण किया था। साथ ही सभी वार्ड, सिस्टर रूम, शौचालय की जांच की गई। इसके अलावा ठोस-लिक्विड मेडिकल बायोवेस्ट का रखरखाव, निस्तारण की प्रक्रिया पर जानकारी जुटाई थी। कायाकल्प अवाॅर्ड से अस्पताल प्रबंधन को मरीजों के लिए सुविधाएं और बेहतर करने में मदद मिलेगी। साथ ही उपमंडल नागरिक अस्पताल गोहाना व गन्नौर, सीएचसी फिरोजपुर बांगर, जुआं, मुंडलाना, हलालपुर व भैंसवाल कलां को एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे। कायाकल्प अवॉर्ड के साथ मिलने वाली राशि से अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्रों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। मरीजों की सुविधा के लिए अन्य उपकरण खरीदे जा सकेंगे।
पीएचसी स्तर पर जिले में जाखौली को मिला पहला रैंक
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेगा को बेहतर सुविधा मिलने पर पहला रैंक दिया गया। अब एनएचएम की ओर से पीएचसी प्रबंधन को कायाकल्प अवॉर्ड के रूप में दो लाख रुपये जारी किए जाएंगे। इसके अलावा पीएचसी बेगा, मोहाना, भठगांव, मुरथल, बनवासा, रोहट, मदीना, भटाना जाफराबाद, सिसाना, लाठ, दुभेटा, बुटाना, जागसी, कुंडली व शामड़ी एक-एक लाख रुपये कायाकल्प अवॉर्ड के साथ मिलेंगे।
बैंयापुर का उप स्वास्थ्य केंद्र पहले स्थान पर रहा
बैंयापुर का उप स्वास्थ्य केंद्र जिला में अव्वल आने पर एक लाख रुपये का अवार्ड दिया जाएगा। गांव मनौली के उप स्वास्थ्य केंद्र को 50 हजार रुपये का कायाकल्प अवार्ड दिया जाएगा। वहीं, रायपुर, रभड़ा, हुल्लाहेड़ी, लड़सौली, जटोला, आनंदपुर झरोठ, बोहला, हरसाना कलां, लहराड़ा, भिगान, रोहणा, शहजादपुर, गढ़ी सराय नामदार खां के उप स्वास्थ्य केंद्र को एनएचएम की ओर से 25-25 हजार रुपये अवार्ड दिया जाएगा।
-
सरकार की ओर से कायाकल्प अवाॅर्ड अस्पतालों में स्वच्छता, रोगी देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं के उच्चतम मानकों को बढ़ावा देने के लिए प्रदान किया जाता है। यह अवाॅर्ड हर साल दिया जाता है। इससे पहले टीम की ओर से निरीक्षण किया जाता है।
- डॉ. संदीप लठवाल, जिला क्वालिटी नोडल अधिकारी
स्वच्छता एवं बेहतर सुविधा के मामले में बढ़खालसा सीएचसी को राज्य स्तर पर पहली बार अव्वल स्थान हासिल किया है। छठे स्थान पर आए जिला अस्पताल को सातवीं बार कायाकल्प अवॉर्ड मिला है। जिला में कुल 40 स्वास्थ्य केंद्रों का चयन कायाकल्प अवॉर्ड के लिए हो गया है। अब एनएचएम की ओर से अवार्ड के रूप में बजट जारी किया जाएगा। बजट जनसुविधा के लिए खर्च किया जाएगा।
- डॉ. जयंत आहूजा, सिविल सर्जन