गन्नौर। जिला मुक्केबाजी एसोसिएशन की तरफ से रौनक पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हो गई। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए फुटबाॅल प्रतियोगिता के भी मुकाबले कराए गए। प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुख्यातिथि के रूप में गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान ने शिरकत की। आयुष ने बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज का खिताब जीता।
विधायक देवेंद्र कादियान ने बताया कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं में आपसी तालमेल व सद्भावना बढ़ती है। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। फुटबाॅल प्रतियोगिता में 34 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें दूल्हेड़ा, दिल्ली, नरवाना, बुटाना, राजलू गढ़ी, रौनक पब्लिक स्कूल गन्नौर और दीवाना जैसी टीमों ने शानदार प्रदर्शन दिखाया। दूसरे दिन मुक्केबाजी प्रतियोगिता में अंडर-10, 12, 14 व 17 आयु वर्ग के करीब 65 मुक्केबाजों ने अपनी प्रतिभा के जौहर दिखाएं। प्रतियोगिता में अंडर-14 आयु वर्ग के 46 किलो भार वर्ग में गन्नौर बॉक्सिंग अकादमी के आयुष ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं, गोहाना बॉक्सिंग क्लब के चिंतन ने स्वर्ण पदक जीता है।