फोटो : सोनीपत के नागरिक अस्पताल में जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखा रवाना करते डॉ. परमानंद। स्रो
सोनीपत। विश्व मलेरिया दिवस पर शनिवार को शहर में जागरूकता रैली निकाली गई। वहींं गांव झरोठ के सरकारी स्कूल व गांव खेवड़ा स्थित सीआरपीएफ कैंप में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मच्छरजनित रोगों से बचाव की सलाह दी गई।
नागरिक अस्पताल से डॉ. परमानंद ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। वहीं, स्वास्थ्य कर्मियों ने स्कूलों में जाकर शिक्षकों व विद्यार्थियों को मलेरिया से बचाव की जानकारी दी। उप सिविल सर्जन डॉ. योगेश गोयल ने बताया कि मलेरिया मच्छरों के काटने से फैलता है जो रुके हुए पानी में पनपते हैं।
उन्होंने विशेष रूप से प्रत्येक रविवार को “ड्राई डे (सूखा दिवस)” मनाने के महत्व को समझाते हुए कहा कि इस दिन घरों में पानी के बर्तनों, कूलर, टंकियों, गमलों आदि को खाली कर साफ करना चाहिए ताकि मच्छरों के अंडे और लार्वा न पनप सकें। स्वास्थ्य निरीक्षक बलबीर सिंह, आनंद कुमार ने कहा कि मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव केवल दवाइयों से नहीं, बल्कि जागरूकता और स्वच्छता से संभव है।
यदि हम सभी अपने घर और आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखें तो इस बीमारी को जड़ से समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें। विद्यार्थियों व स्टाफ ने यह संकल्प लिया कि वे अपने आसपास कहीं भी पानी जमा नहीं होने देंगे, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएंगे।