सोनीपत। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएलएसए) की ओर से शनिवार को नशामुक्त हरियाणा मिशन के तहत नशा विरोधी जागरूकता एवं रोकथाम अभियान को लेकर न्यायालय परिसर से छोटू राम चौक तक रैली निकाली गई। इसमें 60 विद्यार्थियों ने भाग लिया। रैली को डीएलएसए के मुख्य विधिक सहायता प्रतिरक्षा अधिवक्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
डीएलएसए के पैनल अधिवक्ता अरुण कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों व लोगों को नशे के दुष्प्रभाव, नशा निवारण के उपाय, परिवार एवं समाज पर नशे के गंभीर प्रभाव, नशा मुक्त हरियाणा मिशन के महत्व से अवगत कराया।
उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवन शैली अपनाने, समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया। अरुण कुमार शर्मा ने एनएएलएसए व हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (एचएसएलएसए) संबंधित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को डीएलएसए की ओर से निशुल्क पैनल अधिवक्ता प्रदान किया जाता है। जिन लोगों की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम है वह निशुल्क पैनल अधिवक्ता की सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
एडीआर सेंटर में प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 5 बजे तक निशुल्क कानूनी सलाह दी जाती है। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 0130-2220057, 15100 पर भी कानूनी सलाह ली जा सकती है। रैली में शामिल विद्यार्थियों ने नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो, मादक पदार्थों का उन्मूलन : हमारी जिम्मेदारी, एक कदम नशामुक्ति की ओर जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
डीएलएसए ने लोगों का आह्वान किया कि वह नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान का हिस्सा बनें। नशामुक्त, सुरक्षित एवं स्वस्थ हरियाणा के निर्माण में अपना योगदान दें।