सोनीपत। कोरोना काल में भले ही अंतिम वर्ष और सेमेस्टर के अलावा सभी विद्यार्थियों को औसत अंक के आधार पर उत्तीर्ण किया जा रहा हो, लेकिन इन विद्यार्थियों को भी प्रयोगात्मक परीक्षा देनी होगी। अगर वह प्रयोगात्मक परीक्षा में उत्तीर्ण नहीं होते हैं तो उनके लिए आगे परेशानी हो सकती है। यह प्रयोगात्मक परीक्षा यूनिवर्सिटी व कालेज खुलने पर कराई जाएगी। यूजीसी ने सभी यूनिवर्सिटी को प्रयोगात्मक परीक्षा में औसत अंक नहीं देने के निर्देश दिए है और किसी ने प्रयोगात्मक परीक्षा में भी औसत अंक दिए है तो उसको चुनौती मिलने पर यूनिवर्सिटी के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है।
कोरोना काल में सरकार ने फैसला लिया था कि यूनिवर्सिटी और कालेजों में सभी विद्यार्थियों को पिछले वर्ष के औसत अंक के आधार पर उत्तीर्ण कर दिया जाएगा। अंतिम वर्ष व सेमेस्टर के छात्रों के लिए भी इस तरह ही औसत अंक के आधार पर उत्तीर्ण करने का आदेश जारी किया गया था। लेकिन यूजीसी ने अंतिम वर्ष व सेमेस्टर के विद्यार्थियों की परीक्षा कराने के लिए सभी यूनिवर्सिटी को पत्र जारी किया तो उसके साथ ही रि-अपीयर के विद्यार्थियों की परीक्षा भी कराने के लिए कहा गया। इनके साथ ही यूजीसी ने साफ किया कि अंतिम वर्ष व सेमेस्टर के अलावा सभी विद्यार्थियों को भले ही औसत अंक के आधार पर उत्तीर्ण किया जा रहा हो, लेकिन उन विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक परीक्षा जरूर देनी होगी। थ्योरी कोर्स में उनको औसत नंबर देकर उत्तीर्ण किया जा सकता है। उनको प्रयोगात्मक विषय में तभी उत्तीर्ण माना जाएगा, जब उनकी प्रयोगात्मक परीक्षा कराई जाएगी। यह जरूर छूट दी गई कि प्रयोगात्मक परीक्षा अगले सेमेस्टर या वर्ष में हालात सामान्य होने पर कराई जाए। अगर कोई विद्यार्थी प्रयोगात्मक परीक्षा में उत्तीर्ण नहीं हो सका तो उसके लिए परेशानी हो सकती है। इसके अलावा किसी यूनिवर्सिटी ने प्रयोगात्मक परीक्षा के नंबर भी औसत के आधार पर दिए तो उसके लिए भी परेशानी हो सकती है। ऐसे में मुरथल यूनिवर्सिटी ने साफ कर दिया है कि प्रयोगात्मक विषय में प्रयोगात्मक परीक्षा बाद में यूजीसी के निर्देशानुसार कराई जाएगी।
वर्जन
यूजीसी के निर्देशानुसार परीक्षा कराई जा रही है और यूजीसी ने अंतिम वर्ष व सेमेस्टर के अलावा सभी विद्यार्थियों को औसत अंक के आधार पर उत्तीर्ण करने के साथ ही उनकी प्रयोगात्मक परीक्षा अगले सेमेस्टर या वर्ष में कराने के लिए कहा है। उसके अनुसार ही प्रयोगात्मक परीक्षा जरूर कराई जाएगी।
- डॉ. एमएस धनखड़, परीक्षा नियंत्रक दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी यूनिवर्सिटी मुरथल