गन्नौर। गांव बड़ौत में प्लॉट पर बदमाश के नाम पर कब्जा करने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्लाॅट मालिक को बदमाश दीपक बॉक्सर के नाम पर धमकी दी गई और निर्माणाधीन दीवार गिरा दी गई। पीड़ित ने थाना बड़ी में शिकायत दी है।
गांव हसनपुर निवासी प्रदीप ने बताया कि उन्होंने जीटी रोड के साथ लगते गांव बड़ौत के रकबे में वर्ष 2020 में प्लाॅट खरीदा था। उन्होंने गांव सरढाना निवासी धनसिंह के साथ प्लाॅट का इकरारनामा किया हुआ है। 23 मई को जब वह और धनसिंह मजदूरों के साथ वहां पर निर्माण कार्य करवा रहे थे तो चार गाड़ियों में सवार 15-20 व्यक्ति आए। उनमें पानीपत जिले के गांव जौरासी निवासी अंकित, गुमड़ निवासी साहिल व सुखचैन भी थे।
उन्होंने खुद को बदमाश दीपक बाॅक्सर का आदमी बताते हुए कहा कि अमित उर्फ पिंटू, रजनीश, और संजीव उर्फ भोला ने उन्हें भेजा है। आरोपियों ने वहां बनाई जा रही दीवार को गिरा दिया। उन्होंने कहा कि यह जमीन दीपक बाॅक्सर की है। यहां दोबारा निर्माण किया तो उनके व उनके परिवार को जान से मार देंगे। इसके बाद 27 मई को एक महिला मंजू जैन और उसकी बेटी प्राची समेत हथियारों से लैस अन्य लोग मौके पर पहुंचे। सभी ने उन्हें फिर से धमकाया और कहा कि प्लाॅट गांव चटिया निवासी संजीव उर्फ भोला को बेच दिया है। बाद में जांच करने पर पता चला कि संजीव उर्फ भोला ने भी इस प्लाॅट का इकरारनामा गुमड़ निवासी साहिल के साथ कर रखा है।
प्रदीप ने बताया कि उनके प्लाॅट पर कब्जा करने की नीयत से उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। पुलिस ने प्रदीप की शिकायत पर उक्त आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।