अस्पताल में दाखिल कथूरा की बुजुर्ग महिला राजो देवी, जिसे जलाने की कोशिश की गई। स्रोत : परिजन
- फोटो : Samvad
गोहाना । गांव कथूरा में मंगलवार देर रात बरामदे में सो रही 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर कुछ युवकों ने पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। इससे महिला गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों के अनुसार फाग के दिन परिवार होली खेलकर सो गया था।
मंगलवार रात करीब 11:45 बजे पड़ोस के 8 से 10 युवक कांच की बोतल में पेट्रोल लेकर आए और बरामदे में सो रही राजो देवी पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी और आरोपी मौके से फरार हो गए।
आग लगते ही घर में हड़कंप मच गया। किसी तरह आग बुझाई और गोहाना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। पीड़िता के बेटे सोनू का कहना है कि गांव की चौपाल में बच्चों की पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी बनाई गई है।
करीब चार साल पहले होली के दिन कुछ युवक शराब पीकर चौपाल पर डांस कर रहे थे। उस समय बच्चों की पढ़ाई को देखते हुए उन्हें वहां से जाने के लिए कहा गया था। लाइब्रेरी पर ताला लगाने की बात कही गई थी। इसी बात को लेकर कहासुनी और गाली-गलौज हो गई थी। तभी से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही है।
सोनू ने आरोप लगाया कि गांव के प्रदीप के कहने पर विजय और अन्य 8 से 10 युवकों ने मिलकर उसकी मां को जिंदा जलाने की कोशिश की। उसका कहना है कि आरोपियों ने पहले भी कई बार झगड़ा किया और होली का त्योहार नहीं मनाने देने की धमकी दी थी।
सूचना मिलते ही बरोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला का इलाज रोहतक पीजीआई में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।