गोहाना। गांव वजीरपुरा में झगड़े की रंजिश में तीन भाइयों व उनके परिजनों की पिटाई की गई। आरोप है कि पीड़ितों पर बर्फ तोड़ने के सुए, धारदार हथियार व लाठियों से हमला किया गया। गोहाना शहर थाना पुलिस ने शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
अनिल ने बताया कि करीब छह महीने पहले उनके परिवार के साथ सतबीर के परिवार ने गली के पानी को लेकर झगड़ा किया था। बाद में उनका समझौता भी हो गया था। शुक्रवार देर शाम उनके छोटे भाई मोहित ने उन्हें फोन किया। मोहित ने बताया कि पुरानी रंजिश को रखते हुए सतबीर के लड़के सूरज, उसके दोस्त शिव मंदिर चौक पर उनके साथ झगड़ा कर रहे हैं। आरोपियों ने उन्हें घेर रखा है। जब वह अपने भाई दीपक के साथ मौके पर पहुंचे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उनका रास्ता रोककर उन पर हमला कर दिया। एक आरोपी ने उन पर बर्फ तोड़ने वाले सुए से वार किया। धारदार हथियार व लाठी-डंडों से भी हमला किया। शोर सुनकर वहां आए उनके पिता सुल्तान व चाचा पवन की भी पिटाई की। इसके बाद आरोपी धमकी देकर भाग गए। घायलों को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सक ने उन्हें बीपीएस महिला मेडिकल काॅलेज के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।