सोनीपत। विधानसभा चुनाव में ड्यूटी लगने के बाद भी अपने कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने और ड्यूटी से नदारद रहने वाले 266 कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर सभी विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग एवं उपमंडल अधिकारियों ने चुनावी ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों की सूची तैयार कर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त को भेजते हुए नियमानुसार कार्रवाई की अनुशंसा की है।
रिटर्निंग अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों के ड्यूटी में लापरवाही बरतने से कार्य संपन्न करवाने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। विधानसभा चुनाव-2024 को शांतिपूर्ण व बेहतर तरीके से संपन्न करवाने के लिए करीब नौ हजार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। मतदान के लिए जिले की छह विधानसभा में 1291 बूथ बनाए गए थे। इनमें से प्रत्येक बूथ पर चार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए करीब 1800 जवान, 1100 से अधिक पुलिस कर्मी व अर्धसैनिक बल के जवान और 1200 होमगार्ड की तैनाती की गई थी। सभी कर्मचारियों को जिले में शांतिपूर्ण व बेहतर तरीके से चुनाव संपन्न करवाने की शपथ दिलाई गई थी। इसके बावजूद भी जिले के करीब 266 कर्मचारी लापरवाही बरतते हुए अपनी ड्यूटी से नदारद रहे। इस कारण रिटर्निंग अधिकारियों को चुनावी कार्य बेहतर तरीके व समय पर संपन्न करवाने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
15 दिन में देनी होगी रिपोर्ट
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए सभी रिटर्निंग अधिकारियों से उनके विधानसभा क्षेत्र में अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों का विवरण मांगा था, ताकि उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को पत्र जारी कर ड्यूटी से नदारद रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और इसकी रिपोर्ट 15 दिन के अंदर कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कहां विधानसभा क्षेत्र से कितने कर्मचारी रहे अनुपस्थित
विधानसभा क्षेत्र अनुपस्थित कर्मचारी
गोहाना 24
गन्नौर 29
राई 67
सोनीपत 95
बरोदा 26
खरखौदा 25
कुल 266
चुनावी ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले सभी कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. मनोज कुमार, उपायुक्त, सोनीपत