भारतीय टीम में सोनीपत के दो खिलाड़ी अभिषेक और सुमित देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। अभिषेक दो गोल करने के साथ ही तीन गोल में साथी खिलाड़ियों के मददगार बने। भारत ने एशियन गेम्स में लगातार पांचवीं जीत हासिल की। बांग्लादेश को एकतरफा 12-0 से हराया है।
चीन के हांगझोऊ में चल रहे एशियन गेम्स में सोमवार को भारतीय हॉकी टीम ने लगातार पांचवें मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को भी एकतरफा 12-0 से हराकर अपनी जीत का सफर जारी रखा है। बांग्लादेश के खिलाफ सोनीपत के अभिषेक नैन ने दो और सुमित ने एक गोल किया है। मुकाबले में अभिषेक ने तीन अन्य गोल करने में भी साथी खिलाड़ियों की मदद की।
विज्ञापन
देश का प्रतिनिधित्व कर रहे मूलरूप से गांव भादी फिलहाल मयूर विहार निवासी अभिषेक नैन ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 41वें मिनट में देश के लिए आठवां गोल किया। वहीं 56वें मिनट में कुराड़ गांव के सुमित ने गोल कर टीम को 11-0 की बढ़त दिला दी। उसके बाद 12वें मिनट में अभिषेक ने और एक गोल किया।
उनके गोल के खिलाफ बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने रिव्यू भी लिया, लेकिन फैसला भारत के पक्ष में आया। इससे पहले मनदीप सिंह ने अभिषेक के पास गेंद को गोल पोस्ट में डाल भारत के लिए तीसरा गोल किया था।
विज्ञापन
23वें मिनट में अभिषेक के पास ललित उपाध्याय ने गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया था। वहीं 47वें मिनट में अभिषेक ने गोल करने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। उनके पास खड़े निलकांता शर्मा ने रिबाउंड पर गोल कर दिया।
अभिषेक के भाई आशीष ने बताया कि भारतीय दल लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। जिसमें उनके भाई का योगदान उत्कृष्ट रहा है। भारतीय टीम इससे पहले उज्बेकिस्तान को 16-0, सिंगापुर को 16-1, जापान को 4-2 व पाकिस्तान को 10-2 से हरा चुकी है। सुमित के भाई अमित ने बताया कि भारत की टीम लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है और स्वर्ण पदक की दावेदार है।