फोटो :07: सोनीपत के बहालगढ़ स्थित साई केंद्र में एशिया पैसिफिक डेफ गेम्स के लिए चयनित पहलवान व
भारतीय खेल प्राधिकरण के उत्तर क्षेत्रीय केंद्र (साई), बहालगढ़ में पांच प्रदेश से चयनित दस पहलवान एशिया पैसिफिक डेफ गेम्स के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। पहलवान मलयेशिया में 1 से 8 दिसंबर तक होने वाले गेम्स के लिए पसीना बहा रहे हैं। शिविर में देशभर के पांच राज्यों से 10 पहलवानों का चयन किया गया है। इनमें छह अकेले हरियाणा से हैं।
भारतीय पहलवान एशिया पैसिफिक डेफ गेम्स की तैयारी में जुट गए हैं। इसके लिए साई केंद्र में राष्ट्रीय शिविर लगा हुआ है। पहलवान 30 नवंबर तक पसीना बहाने के बाद मलयेशिया रवाना हो जाएंगे। साई केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि शिविर में शामिल 10 पहलवानों में छह हरियाणा व एक-एक पहलवान राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश व बिहार से हैं। पहलवानों को मूक-बधिर प्रशिक्षक इरफान व सुमित कुमार तैयारी करा रहे हैं। वह दोनों स्वयं भी मूक-बधिर हैं। वह इशारों से उन्हें अभ्यास कराते हैं। टीम के सदस्य काफी मेहनत कर रहे हैं। पूरी उम्मीद है कि पहलवान प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
यह पहलवान ले रहे भाग
प्रतियोगिता में 55 किलो ग्रीको रोमन में मध्य प्रदेश के अजय यादव, 57 किलो फ्रीस्टाइल वर्ग में हरियाणा के प्रदीप मलिक, 61 किलो फ्रीस्टाइल व 60 किलो ग्रीको रोमन वर्ग में बिहार के गौरव कुमार, 65 किलो फ्रीस्टाइल व 67 किलो ग्रीको रोमन हरियाणा के अमित, 72 किलो ग्रीको रोमन वर्ग में हरियाणा के सुमित भाग ले रहे हैं। 74 किलो फ्री स्टाइल में हरियाणा से अंकित, 84 किलो फ्री स्टाइल में हरियाणा से अमित, 92 किलो फ्री स्टाइल में राजस्थान से अंकित कुमार, 97 किलो फ्री स्टाइल वर्ग में हरियाणा के सुमित दहिया, 125 किलो फ्री स्टाइल व 130 किलो ग्रीको रोमन में महाराष्ट्र के शुभम पटेल तैयारी कर रहे हैं।