वर्ल्ड कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बाद रजत पदक दिखाते कराटे खिलाड़ी अशोक कुमार। स्र
गोहाना। गांव कथूरा के कराटे खिलाड़ी अशोक कुमार ने अमेरिका के एरिजोना राज्य के फीनिक्स शहर में आयोजित वर्ल्ड कराटे चैंपियनशिप में रजत पदक क्षेत्र और देश का नाम रोशन किया है । यूनाइटेड स्टेट कराटे एलायंस की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में अशोक कुमार ने ब्लैक बेल्ट काता स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में अमेरिका समेत 35 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अशोक कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अंतरराष्ट्रीय कराटे कोच और इंटरनेशनल शोटोकान कराटे महासंघ के तकनीकी निदेशक शिव कुमार पांचाल तथा परिवार को दिया।
उन्होंने वर्ष 1998 में कराटे सीखना शुरू किया था और 2001 में ब्लैक बेल्ट हासिल की। वह खिलाड़ी के साथ-साथ कराटे प्रशिक्षक भी हैं। उन्होंने 34वें राष्ट्रीय खेलों में चंडीगढ़ कराटे टीम के कोच की भूमिका निभाई। इसके अलावा ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कराटे चैंपियनशिप, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स और ढाका में हुई एशियन कराटे चैंपियनशिप में भारतीय टीम के कोच भी रह चुके हैं।