खांडा-सिलाना मार्ग पर तीन हथियारबंद बदमाश एक युवक से बाइक व मोबाइल छीनकर भाग गए। युवक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद खरखौदा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
बिधलान निवासी जीत का कहना है कि वह शुक्रवार शाम को काम से खरखौदा आया हुआ था। जब वह काम निपटाकर घर लौट रहा था तो खांडा-सिलाना मार्ग पर तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। उन्होंने हथियार के बल पर उससे बाइक और मोबाइल लूटकर खरखौदा की तरफ भाग गए। जीत का कहना है कि उसने एक महीने पहले ही बाइक खरीदी थी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी जसपाल सिंह मौके पर पहुंचे और युवक से वारदात की जानकारी जुटाने के बाद जांच शुरू कर दी है।