लघु सचिवालय गेट पर उपायुक्त के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपती छात्राएं व अन्य। संवाद
- फोटो : Sonipat
फीस बढ़ोतरी के विरोध में टीकाराम कन्या महाविद्यालय के खिलाफ छात्राओं का प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। छात्राओं ने सुबह के समय महाविद्यालय का गेट बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। महाविद्यालय प्रबंधन की तरफ से संतोषजनक जवाब न मिलने पर छात्राएं पैदल मार्च निकालते हुए लघु सचिवालय पहुंची। जहां उपायुक्त के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व छात्र युवा संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष दीपक धनखड़ व राष्ट्रवादी परिवर्तन मंच के अध्यक्ष हेमंत नांदल ने किया। फीस बढ़ोतरी के विरोध में छात्राएं शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे टीकाराम कन्या महाविद्यालय गेट पर इकट्ठा हुई। छात्राओं ने गेट को बंद कर फीस वृद्धि का विरोध शुरू किया। दोपहर करीब 12 बजे तक छात्राओं का प्रदर्शन जारी रहा। महाविद्यालय प्रबंधन ने छात्राओं को समझाने का प्रयास किया। छात्राएं अपनी मांग पर अडिग रही। फीस बढ़ोतरी की मांग का समाधान न होने पर छात्राओं ने लघु सचिवालय तक पैदल मार्च निकाला। लघु सचिवालय गेट पर प्रदर्शन कर उपायुक्त के साथ तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। छात्राओं ने कहा कि जब तक बढ़ाई गई फीस वापस नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान अंकुर भौरिया, अंजली, पूनम, भावना, ज्योति, आयशा, ज्योति सहित अन्य छात्राएं मौजूद रही।