सोनीपत। देशभर के स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों का डाटा पोर्टल पर अपलोड करने के दिशा में शिक्षा विभाग तेजी से कार्य कर रहा है। इस कड़ी में प्रदेश सहित जिले के सभी स्कूलों में प्रत्येक माह की 9 व 10 तारीख को मेगा अपार दिवस के रूप में मनाया जाएगा। विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति व उपलब्धि को ट्रैक किए जाने के लिए ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक एकाउंट रजिस्ट्री (अपार आईडी) बनाई जानी है। इसके लिए मुख्यालय ने सभी राजकीय व मान्यता प्राप्त विद्यालयों में सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के निर्देश दिए हैं।
हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों व जिला परियोजना समन्वयक को पत्र जारी कर इस संबंध में विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि यह कार्यक्रम प्रत्येक माह आयोजित किया जाना अनिवार्य होगा। निर्धारित की गई तिथियों में यदि किसी दिन अवकाश है तो आगामी कार्य दिवस में मेगा अपार दिवस मनाते हुए विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार की जाएगी। प्रत्येक माह आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम की रिपोर्ट राज्य परियोजना कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी।
इन बिंदुओं का रखें ध्यान
-
संतृप्ति के लिए समय सीमा : अधिकतम आईडी बनाने को प्राथमिकता दी जानी है। यह कार्य दिसंबर के अंत तक पूरा किया जाना है।
-
अपार आईडी दस्तावेज़ीकरण : स्कूलों को यह सुनिश्चित करना होगा कि अपार आईडी के साथ निर्माण के समय, डिजी लॉकर में संग्रहीत अपार आईडी के प्रिंटआउट विद्यार्थियों या अभिभावकों को उपलब्ध कराए जाने हैं।
-
सिस्टम एकीकरण : विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) से जुड़ी आईटी प्रणालियों के साथ अपार आईडी का एकीकरण महत्वपूर्ण है। इससे वीएसके के माध्यम से सीखने के मार्गों का दृश्यीकरण सक्षम करें।
-
स्कूल प्रबंधन प्रणाली अपडेट : सभी स्कूल आईटी प्रणालियों को अपग्रेड किया जाना चाहिए। इसमें अपार आईडी एकीकरण को शामिल करना, जिससे यह सभी शैक्षणिक और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के लिए प्राथमिक पहचानकर्ता बन जाएं।
-
निगरानी और रिपोर्टिंग : मेगा अपार दिवस के दौरान प्रगति पर नज़र रखने के लिए निगरानी तंत्र स्थापित किया जाएगा। जिला नोडल अधिकारी एक दैनिक निगरानी प्रणाली स्थापित कर सकते हैं।
राजकीय स्कूलों में किस कक्षा में कितने विद्यार्थी
कक्षा विद्यार्थी
बालवाटिका 4259
पहली 6636
दूसरी 7389
तीसरी 8749
चौथी 9783
पांचवीं 9615
छठी 10265
सातवीं 10073
आठवीं 10330
नौवीं 9675
दसवीं 8484
11वीं 9110
12वीं 6548
कुल 110916
-
जिले में राजकीय व सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाई जानी है। इसके लिए हर माह अपार दिवस मनाया जाएगा। जिले में विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाई जाएगी। जिले में इसके लिए काम शुरू कर दिया गया है।
- नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत