गोहाना। क्राइम यूनिट गोहाना टीम ने जमीनी विवाद के चलते स्कार्पियो सवार लोगों पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने की घटना में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पानीपत के इसराना निवासी सचिन है। उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि गांव बड़ौता निवासी रविंद्र ने 21 सितंबर को पुलिस को शिकायत दी थी कि वह अपने रिश्तेदारों के साथ स्कार्पियो में गोहाना कोर्ट परिसर से अपने गांव की तरफ जा रहे थे।
जब वह गांव नगर स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचे तो दूसरी गाड़ी उनकी गाड़ी से आगे अड़ा दी गई थी। पीछे से दो गाड़ियां भी आईं। उन गाड़ियों से उतरकर हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग की थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। उसके बाद पुलिस ने आरोपी विनोद व प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया था। अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।