फोटो :36: गुजरात के अहमदाबाद में रजत पदक जीतने वाले पहलवान अंकित साई के प्रशिक्षक बलवंत छिक्कार
सोनीपत। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित सीनियर नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता में गांव जुआं के पहलवान अंकित ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता है। उन्होंने ग्रीको रोमन स्टाइल में 72 किलो भार वर्ग में पदक जीता। अंकित की इस उपलब्धि से गांव जुआं में खुशी की लहर है।
जुआं अखाड़ा के प्रशिक्षक संजीत ने बताया कि अंकित गांव जुआं स्थित अखाड़े में नियमित अभ्यास करते हैं और लंबे समय से सीनियर स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे थे। सीनियर नेशनल में रजत पदक जीतना उनकी मेहनत, अनुशासन का परिणाम माना जा रहा है।
इस उपलब्धि के साथ ही अंकित गांव जुआं के तीसरे पहलवान बन गए हैं, जिन्होंने सीनियर नेशनल स्तर पर पदक हासिल किया है। इससे पहले गांव जुआं के पहलवान अमित उर्फ मुन्ना ने स्वर्ण और चिराग ने कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन कर चुके हैं। अब अंकित के रजत पदक ने इस कड़ी को और मजबूत किया है।
ग्रामीणों ने अंकित की इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि गांव जुआं लगातार कुश्ती के क्षेत्र में नई प्रतिभाएं दे रहा है। उनकी इस उपलब्धि से युवा पहलवानों को प्रेरणा मिलेगी और अखाड़े की प्रतिष्ठा और भी बढ़ेगी।